सिंगरौली में सबसे पहले और आलीराजपुर में सबसे बाद में दिखेगा चांद, विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया समय
भोपाल, 29 अक्टूबर। करवा चौथ का पर्व गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। व्रत रखने वाली महिलाओं को चंद्रदर्शन और अर्घ्य देने का इंतजार है। राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू के अनुसार, राजधानी भोपाल में रात 8 बजकर 26 मिनट से चंद्रोदय शुरू होने का अनुमान है।
सारिका ने बताया कि मध्यप्रदेश में पूर्वी हिस्से में स्थित सिंगरौली में चंद्रमा रात 8:01 बजे के आसपास उदित होना शुरू होगा, जबकि पश्चिमी छोर पर स्थित आलीराजपुर में रात 8:41 बजे के आसपास चंद्रोदय होगा। इस तरह प्रदेश के अलग-अलग शहरों में चंद्रदर्शन के समय में अंतर रहेगा।
चंद्रोदय और चांद दिखने में हो सकता है अंतर
सारिका ने बताया कि पंचांग या इंटरनेट पर दिया गया चंद्रोदय का समय चंद्रमा के क्षितिज पर उदित होने की शुरुआत दर्शाता है। चंद्रमा को पूरी तरह क्षितिज से ऊपर आने में करीब तीन मिनट लग सकते हैं। इसके बाद भी पेड़, ऊंची इमारतें या बादल सामने होने पर चांद दिखाई देने में 10 से 15 मिनट या उससे अधिक की देरी हो सकती है।
उन्होंने बताया कि पृथ्वी के गोलाकार होने और पश्चिम से पूर्व दिशा में घूमने के कारण अलग-अलग स्थानों पर चंद्रोदय का समय बदलता है। पूर्वी क्षेत्रों में चंद्रमा पहले दिखाई देता है, जबकि पश्चिमी क्षेत्रों में बाद में।
सारिका ने महिलाओं को सलाह दी कि वे पूजा की थाली तैयार रखें और अपने क्षेत्र के अनुसार चंद्रदर्शन का समय ध्यान में रखें। स्थानीय मौसम और आसपास की बाधाओं के कारण वास्तविक चंद्रदर्शन बताए गए समय से कुछ देर बाद हो सकता है।
