भोपाल में नगर निगम का बड़ा अतिक्रमण विरोधी अभियान, एमपी नगर सहित कई क्षेत्रों से हटाया अतिक्रमण, मेट्रो प्रोजेक्ट के रास्ते की झुग्गियां भी हटाईं

भोपाल। भोपाल नगर निगम द्वारा शहर भर में अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने मंगलवार को एमपी नगर जोन-1 डीबी मॉल के सामने, अर्जुन नगर, द्वारका नगर और रोशनपुरा समेत कई प्रमुख क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया। नगर निगम की इस कार्रवाई में कुल 05 ट्रक अवैध सामग्री जप्त की गई, जिसमें ठेले, गुमठी, कुर्सी, स्टूल, बेंच, लोहे के स्टैंड, बोर्ड, पाईप, जालियां, गमले और अन्य सामान शामिल था।
भोपाल मेट्रो प्रोजेक्ट में बाधा बन रही 18 झुग्गियों को हटाया गया। यह झुग्गियां अर्जुन नगर क्षेत्र में मेट्रो निर्माण कार्य के मार्ग में बाधा बन रही थीं। इसके अलावा रेल कोच फैक्ट्री द्वारका नगर क्षेत्र में सरकारी भूमि पर बने 25 पक्के पिलर और बाउंड्री वॉल को भी निगम द्वारा तोड़ा गया।
यह कार्यवाही नगर निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायण के निर्देश पर जोन-12 के अंतर्गत की गई। एमपी नगर, अयोध्या नगर, कोलार रोड, न्यू मार्केट, बोट क्लब, करोंद चौराहा, अशोका गार्डन, और होशंगाबाद रोड समेत शहर के करीब 30 से अधिक क्षेत्रों में निगम अमले ने फुटपाथों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटाया।
अयोध्या नगर में एक अवैध चबूतरा हटाया गया, वहीं कोलार रोड क्षेत्र में घरों के बाहर लगाई गई जालियां भी हटाई गईं। कई स्थानों पर दुकानदारों द्वारा दुकान के बाहर किए गए अतिक्रमण जैसे – स्टैंड बोर्ड, नेट, लोहे के फ्रेम, फ्लेक्स बोर्ड आदि भी हटाकर जब्त किए गए।
इसके साथ ही रोशनपुरा क्षेत्र में जिला प्रशासन की कार्रवाई में सहयोग करते हुए एक मकान का सामान भी हटवाया गया। निगम ने सभी दुकानदारों और अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी है कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भोपाल अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत यह कार्यवाही न सिर्फ शहर की सफाई और यातायात व्यवस्था सुधारने का प्रयास है, बल्कि मेट्रो जैसे महत्वपूर्ण विकास प्रोजेक्ट्स को समय पर पूरा करने के लिए भी जरूरी कदम है।






