भोपाल, 4 अगस्त। भोपाल नगर निगम के करीब 600 विनियमित कर्मचारियों ने मंगलवार को नियमितीकरण की मांग को लेकर निगम मुख्यालय अटल भवन पर प्रदर्शन किया। इसके बाद कर्मचारियों ने महापौर मालती राय को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि वर्षों से लंबित नियमितीकरण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि 15 अगस्त तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो वे सामूहिक रूप से काम बंद कर देंगे।
कर्मचारियों का कहना है कि वे वर्ष 1997 से नगर निगम के विभिन्न विभागों में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें नियमित कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला। इस दौरान कई कर्मचारी बिना नियमित हुए ही सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि वर्तमान में भी सैकड़ों कर्मचारी उसी स्थिति में कार्यरत हैं।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने नगर निगम चुनाव के समय किए गए वादों की भी याद दिलाई। उनका कहना है कि चुनावी सभा में महापौर मालती राय और तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नियमितीकरण का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
कर्मचारियों का आरोप है कि कई बार ज्ञापन देने और मांग उठाने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि नियमितीकरण न होने से उन्हें स्थायी कर्मचारियों को मिलने वाले वेतनमान, पदोन्नति और अन्य सेवा लाभों से वंचित रहना पड़ रहा है।
विनियमित कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि यदि 15 अगस्त तक नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू नहीं होती है तो सभी कर्मचारी सामूहिक रूप से काम बंद कर आंदोलन तेज करेंगे। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से जल्द निर्णय लेकर वर्षों पुरानी मांग पूरी करने की अपील की है।
