पीएम स्वनिधि योजना: भोपाल में अधिक से अधिक पथ विक्रेताओं को मिलेगा क्रेडिट कार्ड, बैंकर्स को दिए निर्देश

भोपाल। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत भोपाल नगर निगम क्षेत्र के अधिक से अधिक पथ विक्रेताओं को क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। निगम की अपर आयुक्त ने जिला अग्रणी बैंक सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर हितग्राहियों को सुगम तरीके से क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर आयुक्त ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के द्वितीय चरण में 20 हजार रुपये का ऋण सफलतापूर्वक चुकाने वाले पथ विक्रेता तृतीय चरण में 50 हजार रुपये के ऋण के लिए पात्र हैं। ऐसे हितग्राहियों को ऋण प्रक्रिया के साथ ही क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने की कार्रवाई प्राथमिकता से की जाए।
लंबित आवेदनों का जल्द करें निराकरण
आईएसबीटी स्थित नगर निगम सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त ने विभिन्न बैंकों से क्रेडिट कार्ड जारी करने के लिए प्राप्त आवेदनों, लंबित प्रकरणों और निरस्त किए गए आवेदनों की बैंकवार जानकारी ली।
उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिना स्पष्ट कारण के किसी भी आवेदन को निरस्त न किया जाए। यदि आवेदन में कोई जानकारी अधूरी है तो संबंधित हितग्राही, सामुदायिक संगठक और निगम की एनयूएलएम टीम से संपर्क कर त्रुटियों को दूर कराया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल सके।
क्रेडिट कार्ड जारी करने में भोपाल देश में पांचवें स्थान पर
बैठक में बताया गया कि पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत पथ विक्रेताओं को क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने के मामले में भोपाल नगर निगम ने देश में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। निगम अब इस क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लक्ष्य के साथ काम कर रहा है।
अपर आयुक्त ने कहा कि बैंक स्तर पर क्रेडिट कार्ड जारी करने और पोर्टल पर जानकारी अपलोड करने में आने वाली तकनीकी या अन्य समस्याओं को उच्च अधिकारियों से समन्वय कर जल्द दूर किया जाए।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले बैंकों की सराहना
अपर आयुक्त ने क्रेडिट कार्ड जारी करने में बेहतर प्रदर्शन करने वाले और के कार्यों की सराहना की और प्रक्रिया को और तेज करने के निर्देश दिए।
वहीं समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहे सहित अन्य बैंक समन्वयकों को नोटिस जारी करने के लिए जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को निर्देशित किया गया।
पीएम स्वनिधि महोत्सव में अधिक हितग्राहियों को जोड़ने का लक्ष्य
अपर आयुक्त ने बताया कि 30 जून 2026 तक पीएम स्वनिधि महोत्सव मनाया जा रहा है। इसके तहत अधिक से अधिक पथ विक्रेताओं को योजना से जोड़कर उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने सामुदायिक संगठकों को निर्देश दिए कि वे हितग्राहियों और बैंकर्स के लगातार संपर्क में रहें तथा योजना का लाभ लेने में आने वाली व्यवहारिक कठिनाइयों का समाधान कराएं।
उन्होंने कहा कि बैंकर्स तृतीय चरण के 50 हजार रुपये ऋण की प्रक्रिया के साथ ही क्रेडिट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू करें, ताकि पथ विक्रेताओं को आर्थिक मजबूती के साथ डिजिटल वित्तीय सुविधा का लाभ भी मिल सके।





