ग्राम रातीबड़ में जय हो सेवा समिति द्वारा बुजुर्गों का सम्मान, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने किया विशिष्ट समारोह में सम्मानित

भोपाल,: जय हो सेवा समिति द्वारा ग्राम रातीबड़ में आयोजित बुजुर्ग सम्मान समारोह में विधायक  रामेश्वर शर्मा ने 15 गांवों के 500 से अधिक बुजुर्गों को माला पहनाकर और कमल भेंट कर सम्मानित किया। समारोह का आयोजन मांगलिक भवन, ग्राम रातीबड़ में प्रातः 11:00 बजे किया गया। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष एवं भाजपा रातीबड़ मंडल अध्यक्ष मनोज काम्बार भी मौजूद रहे।

समिति अध्यक्ष मनोज काम्बार ने बताया कि यह सम्मान समारोह और मकर संक्रांति के पावन अवसर पर सूर्य यज्ञ एवं विशाल भंडारे का आयोजन ग्राम रातीबड़ में पिछले 12 वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के बुजुर्गों का सम्मान हर वर्ष जननायक और लोकप्रिय नेता श्री रामेश्वर शर्मा के हाथों कराया जाता है।

समारोह में विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं और सभी बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा, “तुम्हारा बेटा तुम्हारा विधायक सेवक बनकर हमेशा तुम्हारे सुख-दुख में साथ खड़ा रहेगा। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर मैं सभी बुजुर्गों को प्रणाम करता हूँ और उनका सम्मान करता हूँ।”

कार्यक्रम की शुरुआत विधायक द्वारा सूर्य मंदिर में पूजन से हुई। इसके पश्चात कार्यक्रम स्थल पर आते ही मनोज काम्बार ने 51 किलो की फूलमाला के माध्यम से विधायक श्री रामेश्वर शर्मा का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में बुजुर्ग, महिलाएं, युवा और बच्चे उपस्थित थे, जिन्होंने कार्यक्रम को और भी भव्य बनाया।

समारोह में सामुदायिक भाईचारे, बुजुर्गों के प्रति सम्मान और परंपराओं के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया गया। जय हो सेवा समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी स्थानीय ग्रामीणों के लिए भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें सभी ने मिलकर मकर संक्रांति का उत्सव मनाया।

यह कार्यक्रम न केवल बुजुर्गों के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि स्थानीय लोगों में सामूहिक उत्सव और एकता की भावना को भी बढ़ावा दिया। विधायक श्री रामेश्वर शर्मा और जय हो सेवा समिति की सक्रिय भागीदारी ने इसे यादगार और प्रेरणादायक समारोह बना दिया।

Exit mobile version