Instagram पर दोस्ती के बाद नाबालिग को वीडियो कॉल में फंसाया, अश्लील सामग्री वायरल करने का आरोपी गिरफ्तार

गुना कोतवाली पुलिस ने राजस्थान के सीकर से 20 वर्षीय आरोपी को पकड़ा, कोर्ट ने भेजा जेल

गुना। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram पर नाबालिग किशोरी से दोस्ती कर उसे कथित तौर पर वीडियो कॉल के जरिए आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाने के लिए मजबूर करने और बाद में उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में गुना पुलिस ने आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 20 वर्षीय मोहम्मद कैफ, निवासी लक्ष्मणगढ़, जिला सीकर (राजस्थान) के रूप में हुई है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

Instagram पर हुई थी दोस्ती

पुलिस के अनुसार, 16 वर्षीय किशोरी ने 29 जून 2026 को गुना कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। किशोरी ने बताया कि करीब एक महीने पहले Instagram पर एक यूजर से उसकी दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच मैसेज के जरिए बातचीत होने लगी।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खुद को सीकर, राजस्थान का निवासी बताया था। बातचीत के दौरान उसने किशोरी को विश्वास में लेकर वीडियो कॉल के माध्यम से उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। बाद में इन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप है।

IT Act और POCSO के तहत केस दर्ज

किशोरी की शिकायत के आधार पर गुना कोतवाली पुलिस ने Instagram अकाउंट के यूजर के खिलाफ अपराध क्रमांक 352/26 दर्ज किया। मामले में BNS की संबंधित धाराओं, POCSO Act की धारा 11/12 और IT Act की धाराओं 66(E), 67(A) और 67(B) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर Instagram अकाउंट के यूजर की पहचान की और उसकी तलाश शुरू की।

सीकर से आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीम के लगातार प्रयासों के बाद 9 अगस्त 2026 को आरोपी मोहम्मद कैफ को सीकर जिले से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के नेतृत्व में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन और प्रभारी सीएसपी गुना आनंद राय के पर्यवेक्षण में की गई।

पुलिस ने बच्चों और अभिभावकों से की अपील

गुना पुलिस ने सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने वाले बच्चों और किशोर-किशोरियों से अनजान लोगों से ऑनलाइन दोस्ती करते समय सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ निजी जानकारी, फोटो या वीडियो साझा नहीं करना चाहिए। किसी भी तरह की धमकी या आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार की स्थिति में तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना देनी चाहिए।

इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सतीश वर्मा, आरक्षक जितेंद्र वर्मा, रतन सिंह और अमित कुशवाह की भूमिका रही।

Exit mobile version