सामुदायिक विवादों के समाधान के लिए सदस्यों को दिया जाएगा मध्यस्थता का प्रशिक्षण

भोपाल। सामुदायिक ग्राम रक्षा समिति और सामुदायिक पुलिसिंग के चयनित सदस्यों को आपसी विवादों का बातचीत से समाधान करने के तरीके सिखाए जाएंगे। इसके लिए 25 से 29 नवंबर तक पांच दिवसीय मीडिएशन (मध्यस्थता) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देश पर यह प्रशिक्षण नेहरू नगर स्थित एमपीसीएसटी में होगा। इसमें चयनित सदस्यों को कुल 40 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत 25 नवंबर को सुबह 9:30 बजे होगी।
प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को मध्यस्थता की प्रक्रिया और उससे जुड़े जरूरी कौशल की जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य सामुदायिक स्तर पर होने वाले आपसी विवादों को बातचीत और आपसी सहमति से सुलझाने में सदस्यों की भूमिका को प्रभावी बनाना है। इससे स्थानीय स्तर पर विवादों का समाधान करने और समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में मदद मिलेगी।





