State

दिल्ली ब्लास्ट कनेक्शन में असम में बड़ी कार्रवाई: 9 संदिग्ध गिरफ्तार

सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने दी सख्त चेतावनी

गुवाहाटी (असम)। दिल्ली ब्लास्ट मामले से जुड़े संभावित कनेक्शन को लेकर असम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। राज्यभर में छापेमारी कर 9 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, जिन पर सोशल मीडिया के माध्यम से भड़काऊ और आतंक से जुड़ा कंटेंट फैलाने का आरोप है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि राज्य सरकार ऐसे तत्वों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रफीज़ुल अली, फरीद उद्दीन लश्कर, इनामुल इस्लाम, फिरुज अहमद, शाहिल शोमन सिकदर, रकीबुल सुल्तान, नसीम अकबर, तस्लीम अहमद और अब्दुर रहीम मोल्ला के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके मोबाइल और डिजिटल डिवाइस जब्त कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये लोग ऑनलाइन नेटवर्क्स के माध्यम से देशविरोधी विचारधारा फैलाने और अफवाहें उकसाने का काम कर रहे थे।

मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि राज्य सरकार किसी को भी दहशत, नफरत या अफवाह फैलाने की इजाज़त नहीं देगी। सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने वालों को सख्त सजा मिलेगी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है, आने वाले दिनों में और भी संदिग्ध नेटवर्क्स और फंडिंग चैनल्स की जांच की जाएगी। असम पुलिस की इस कार्रवाई को दिल्ली ब्लास्ट जांच में एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और दिल्ली पुलिस की टीम असम पुलिस के संपर्क में है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है।

Related Articles