अवैध हथियारों के नेटवर्क पर मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 दिन में 52 हथियार जब्त

ोपाल। प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अवैध हथियारों के निर्माण एवं तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस ने विशेष अभियान के तहत कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार, पिछले 15 दिनों में प्रदेशभर में अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 52 हथियार जब्त किए गए हैं।

पुलिस ने इन कार्रवाइयों में अवैध हथियार बनाने वाले गिरोहों का पर्दाफाश करने के साथ ही हथियार तस्करों और आपराधिक गतिविधियों में हथियारों का इस्तेमाल करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

भिंड में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, 13 हथियार जब्त

भिंड पुलिस ने लहार रोड स्थित दुर्गा नगर क्षेत्र में संचालित अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 315 बोर के 6 कट्टे और 4 अर्धनिर्मित हथियार जब्त किए। इसके अलावा थाना देहात और थाना गोरमी क्षेत्र में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एक पिस्टल और एक देशी कट्टा जब्त किया गया। फायरिंग की घटना में शामिल आरोपियों से भी एक हथियार बरामद किया गया।

भिंड जिले में कुल 13 अवैध हथियार जब्त किए गए।

खरगोन में 12 देशी पिस्टल और 7 मैगजीन बरामद

खरगोन पुलिस ने अवैध फायर आर्म्स तस्करी के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाई की। इस दौरान 12 अवैध देशी पिस्टल और 7 मैगजीन जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

मुरैना में 6 अवैध हथियार जब्त

मुरैना पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी और फायरिंग की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए:

– 3 देशी पिस्टल,
– 1 अवैध पिस्टल,
– 1 देशी कट्टा,
– फायरिंग में प्रयुक्त एक अन्य हथियार

सहित कुल 6 हथियार जब्त किए।

दतिया में डकैती की तैयारी कर रहे आरोपियों पर कार्रवाई

दतिया पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के साथ घूम रहे और डकैती जैसी गंभीर वारदातों की तैयारी कर रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने 6 देशी कट्टे और 1 देशी पिस्टल सहित कुल 7 अवैध हथियार जब्त किए।

ग्वालियर और छतरपुर में भी कार्रवाई

ग्वालियर पुलिस ने वारदात की तैयारी कर रहे बदमाशों और सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 अवैध हथियार जब्त किए।

वहीं छतरपुर पुलिस ने वाहन चेकिंग, रात्रि गश्त और अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े मामलों में कार्रवाई करते हुए 4 हथियार जब्त किए।

रतलाम में वाहन चेकिंग के दौरान 2 पिस्टल बरामद

रतलाम पुलिस ने रात्रिकालीन वाहन चेकिंग के दौरान 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 2 अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

बुरहानपुर में हथियार निर्माण सामग्री जब्त

बुरहानपुर जिले में थाना खकनार और नेपानगर पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम पाचोरी के जंगल क्षेत्र में संचालित अवैध शस्त्र निर्माण गतिविधियों पर कार्रवाई की।

इस दौरान हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, उपकरण और अर्धनिर्मित हथियार जब्त किए गए।

इसके अलावा जबलपुर में संगीन अपराधों में शामिल आरोपी से एक पिस्टल, अशोकनगर में चोरी की वारदात से जुड़े आरोपियों से एक देशी कट्टा और मुरैना जिले के महुआ क्षेत्र में एक आरोपी से 315 बोर का देशी कट्टा जब्त किया गया।

अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा

मध्यप्रदेश पुलिस ने कहा है कि अवैध हथियार रखने, निर्माण करने, तस्करी करने और आपराधिक गतिविधियों में हथियारों का उपयोग करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version