मध्यप्रदेश पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 10 दिनों में 2.90 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ और संपत्ति जब्त

गांजा, एमडी ड्रग्स, डोडाचूरा, स्मैक और प्रतिबंधित कफ सिरप तस्करों पर शिकंजा, कई जिलों में कार्रवाई

भोपाल, 21 जून । मध्यप्रदेश पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले 10 दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 2 करोड़ 90 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ और अन्य संपत्ति जब्त की है।

पुलिस ने गांजा, एमडी ड्रग्स, स्मैक (हेरोइन), ब्राउन शुगर, डोडाचूरा और प्रतिबंधित कफ सिरप के अवैध उत्पादन, परिवहन, भंडारण और बिक्री में शामिल तस्करों के खिलाफ तकनीकी निगरानी, खुफिया जानकारी और मैदानी कार्रवाई के आधार पर अभियान चलाया।

भोपाल में 1.33 करोड़ रुपये से अधिक की जब्ती

राजधानी भोपाल में क्राइम ब्रांच ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 170 किलो 90 ग्राम गांजा, 396 एल्युमिनियम सिल्लियां और तस्करी में प्रयुक्त आइशर ट्रक जब्त किया। इस कार्रवाई में लगभग 1 करोड़ 33 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

मंदसौर में डोडाचूरा और एमडी ड्रग्स जब्त

मंदसौर पुलिस ने विभिन्न प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 607 किलोग्राम डोडाचूरा, 600 ग्राम एमडी ड्रग्स और तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त किए। कार्रवाई में करीब 66 लाख 30 हजार रुपये की संपत्ति जब्त कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

सतना और उमरिया में प्रतिबंधित कफ सिरप पर कार्रवाई

सतना पुलिस ने गोदाम में छापामार कार्रवाई कर 260 किलोग्राम गांजा और 7200 सीसी ऑनरेक्स कफ सिरप जब्त किया। इस कार्रवाई में करीब 28 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

उमरिया पुलिस ने प्रतिबंधित कफ सिरप के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहन, नकदी और अन्य सामग्री सहित लगभग 15 लाख 11 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की तथा चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

उज्जैन, मैहर और जबलपुर में भी कार्रवाई

उज्जैन पुलिस ने नरवर और जीवाजीगंज थाना क्षेत्रों में एमडी ड्रग्स तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स और तस्करी में प्रयुक्त वाहन सहित करीब 14 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की।

मैहर पुलिस ने रामनगर क्षेत्र में कार्रवाई कर 35 किलो 90 ग्राम गांजा और परिवहन में प्रयुक्त वाहन सहित लगभग 14 लाख 25 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की।

जबलपुर में क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 11 किलो 237 ग्राम गांजा और 30 किलो 631 ग्राम डोडाचूरा जब्त कर करीब 7 लाख 61 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

अन्य जिलों में भी नशा तस्करों पर शिकंजा

पुलिस के अनुसार ग्वालियर में दो अलग-अलग मामलों में 25 किलो 410 ग्राम से अधिक गांजा और इलेक्ट्रिक स्कूटी सहित करीब 2 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

इसके अलावा:

– हरदा पुलिस ने एमडी पाउडर के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 2.20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की।
– दमोह पुलिस ने 20.5 किलोग्राम गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल सहित करीब 2 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की।
– सागर जिले के बीना थाना क्षेत्र में 1.405 किलोग्राम गांजा और मोटरसाइकिल सहित करीब 1.40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
– खरगोन पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्कर को गिरफ्तार कर करीब 1 लाख रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर जब्त की।
– सीहोर पुलिस ने 24.780 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त कर करीब 1 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की।
– डिंडोरी पुलिस ने करीब 2 किलोग्राम गांजा सहित लगभग 81 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की।
– अशोकनगर पुलिस ने स्मैक के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 60 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की।
– पन्ना पुलिस ने करीब 27 हजार रुपये मूल्य के अवैध गांजे के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया।

नशा तस्करी के नेटवर्क पर आर्थिक प्रहार

मध्यप्रदेश पुलिस ने कहा कि नशा तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने, तस्करों के आर्थिक स्रोतों पर प्रहार करने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से लगातार कार्रवाई जारी है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार, परिवहन या बिक्री से जुड़ी कोई भी जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस या डायल-112 पर दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Exit mobile version