पासपोर्ट सत्यापन में मध्यप्रदेश पुलिस का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा, लगातार दूसरे वर्ष मिला प्रथम स्थान

5 लाख से कम पासपोर्ट आवेदन श्रेणी में देश में अव्वल, विदेश मंत्रालय ने दिया ‘इंस्टीट्यूशनल परफॉर्मेंस अवार्ड’

भोपाल, 19 जून 2026। नागरिक सेवाओं को सरल, तेज और पारदर्शी बनाने की दिशा में मध्यप्रदेश पुलिस के प्रयासों को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में पासपोर्ट आवेदनों के पुलिस सत्यापन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मध्यप्रदेश पुलिस को देश में प्रथम स्थान प्रदान किया है।

मध्यप्रदेश पुलिस को यह सम्मान 5 लाख से कम पासपोर्ट आवेदन वाली राज्य पुलिस श्रेणी में मिला है। विदेश मंत्रालय द्वारा प्रदेश पुलिस को ‘इंस्टीट्यूशनल परफॉर्मेंस अवार्ड फॉर स्टेट पुलिस’ से सम्मानित किया गया।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने किया सम्मानित

विदेश मंत्री ने 19 जून 2026 को नई दिल्ली स्थित के सीबी मुथम्मा हॉल में आयोजित कार्यक्रम में मध्यप्रदेश पुलिस को यह सम्मान प्रदान किया।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व उप पुलिस महानिरीक्षक कानून व्यवस्था और सहायक पुलिस महानिरीक्षक विशेष शाखा सुरक्षा ने किया।

3.35 लाख से अधिक पासपोर्ट सत्यापन किए गए

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच कुल 3 लाख 35 हजार 647 पासपोर्ट सत्यापन समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए गए। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर विदेश मंत्रालय ने मध्यप्रदेश पुलिस को इस श्रेणी में प्रथम पुरस्कार प्रदान किया।

डीजीपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को दी बधाई

पुलिस महानिदेशक ने इस उपलब्धि पर प्रदेश के सभी जिलों, विशेष शाखा और पासपोर्ट सत्यापन कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरी मध्यप्रदेश पुलिस के सामूहिक प्रयास, समर्पण और सेवा भावना का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी नागरिकों को तेज, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

लगातार दूसरी बार हासिल की उपलब्धि

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश पुलिस ने पिछले वर्ष भी पासपोर्ट सत्यापन के क्षेत्र में यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त किया था। लगातार दूसरे वर्ष प्रथम स्थान हासिल कर प्रदेश पुलिस ने अपनी कार्यकुशलता, जवाबदेही और नागरिक सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को साबित किया है।

पुलिस विभाग के अनुसार यह उपलब्धि समयबद्ध सत्यापन प्रक्रिया, तकनीक आधारित कार्यप्रणाली और प्रदेशभर के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।

Exit mobile version