State

लाड़ली लक्ष्मी उत्सव 2025: बेटियां वरदान हैं, अभिशाप नहीं — मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सागर में दिया बेटियों को सशक्त बनाने का संदेश

भोपाल/सागर। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा बेटियों के सशक्तिकरण और समाज में उनकी भूमिका को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित लाड़ली लक्ष्मी उत्सव 2025 का जिला स्तरीय कार्यक्रम सागर में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर राज्य के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि “बेटियां अभिशाप नहीं, वरदान होती हैं। हमें बेटियों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाना चाहिए।”

कार्यक्रम में सांसद डॉ. लता वानखेड़े, एडवोकेट दीपा तिवारी, रूपेश यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी बृजेश त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों लाड़ली लक्ष्मी योजना से लाभान्वित बेटियां उपस्थित रहीं।

बेटियों की उड़ान को मिले समर्थन: मंत्री राजपूत

मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि पहले बेटियों के जन्म को अभिशाप माना जाता था, लेकिन आज की नारी सशक्तिकरण योजनाओं, शिक्षा और सरकारी सहयोग से बेटियां फाइटर प्लेन उड़ाने, सुप्रीम कोर्ट में वकालत करने, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक बनने तक हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं। उन्होंने बताया कि सागर जिले की 1.68 लाख बेटियां अब लाड़ली लक्ष्मी योजना से जुड़ चुकी हैं।

लाड़ली लक्ष्मी योजना: जन्म से विवाह तक सहयोग

मंत्री ने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना केवल एक आर्थिक सहायता योजना नहीं, बल्कि बेटियों के आत्मविश्वास, शिक्षा और भविष्य को मजबूत बनाने का मिशन है। इस योजना के तहत बेटियों के जन्म से लेकर विवाह तक सरकार द्वारा आर्थिक सहायता दी जाती है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।

सागर में लाड़ली लक्ष्मी चौराहे और पार्क की सौगात

मंत्री ने जानकारी दी कि सागर में अब चौराहों और पार्कों का नाम लाड़ली लक्ष्मी के नाम पर रखा जा रहा है। यह समाज को संदेश देता है कि बेटियां अब समाज की मुख्यधारा में हैं।

पोषण मेले का अवलोकन और बाल विवाह रोकने की शपथ

कार्यक्रम के दौरान मंत्री गोविंद सिंह राजपूत एवं सांसद लता वानखेड़े ने पोषण मेले का अवलोकन किया और पौधारोपण भी किया। उन्होंने सभी उपस्थितों को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई। इस आयोजन में महिला बाल विकास विभाग की अधिकारी साधना खटीक, रजनी बरोलिया, और स्वाति राय सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और अभिभावक मौजूद रहे।

Related Articles