State

संतकबीरनगर: जमीनी विवाद में दबंगों का तांडव, व्यापारी के घर में घुसकर की मारपीट – CCTV में कैद हुई पूरी घटना

संतकबीरनगर ज़िला, उत्तर प्रदेश में जमीनी विवाद को लेकर दबंगों द्वारा की गई मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के सरैया बाईपास इलाके का है, जहाँ कुछ दबंगों ने एक स्थानीय व्यापारी के घर में घुसकर न केवल तोड़फोड़ की, बल्कि व्यापारी और उसके पिता को बेहरमी से पीटा। घटना के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस को सौंपी गई शिकायत के अनुसार, पीड़ित व्यापारी परिवार लंबे समय से एक जमीन से संबंधित विवाद से जूझ रहा है। इस विवाद को लेकर शुक्रवार रात दबंगों का एक समूह अचानक व्यापारी के घर पहुंचा और घर में घुसते ही हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से लैस इन हमलावरों ने बाप-बेटे को बुरी तरह पीटा।

हमले की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जो अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन सकती है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है और हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल शहर कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Related Articles