भोपाल, 17 अगस्त । राजधानी भोपाल में खाद्य प्रशासन विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोलार रोड स्थित एक खाद्य प्रतिष्ठान से 51 लीटर घी जब्त किया है। खाद्य सुरक्षा दल ने बीमा कुंज स्थित अंशिका एंटरप्राइजेज से श्रीधी ब्रांड का घी जब्त किया, जिसकी बाजार कीमत करीब 31 हजार रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान जब्त घी के दो नमूने लिए गए हैं। दोनों नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद घी की गुणवत्ता और उसमें किसी तरह की मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी।
त्योहारों को देखते हुए खाद्य विभाग सख्त
खाद्य प्रशासन विभाग ने आगामी त्योहारों और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की जांच तेज की है। वर्तमान में व्रत का दौर चल रहा है और इसके बाद गणेश उत्सव तथा दुर्गा पूजा जैसे बड़े धार्मिक आयोजन होंगे। इन अवसरों पर बड़ी मात्रा में देशी घी का इस्तेमाल किया जाता है।
विभाग को आशंका है कि मांग बढ़ने के दौरान कुछ कारोबारी घी में अनधिकृत वनस्पति वसा, पशु वसा या अन्य वसा की मिलावट कर सकते हैं। इसी को देखते हुए दूध और दूध से बने उत्पादों सहित घी की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखी जा रही है।
खाद्य प्रशासन ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि वे घी और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकिंग, ब्रांड, निर्माण तिथि और खाद्य सुरक्षा संबंधी जानकारी जरूर जांचें।
