आबकारी विभाग की कार्रवाई, दो मामलों में अवैध शराब और लहान जब्त

गांधीनगर और शहीद नगर में दी दबिश, 300 लीटर लहान सहित देशी शराब बरामद
भोपाल। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष अभियान के तहत गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान दो मामलों में एक महिला और एक पुरुष के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। कार्रवाई में हाथभट्टी की शराब, लहान और देशी मसाला शराब जब्त की गई।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर उपायुक्त आबकारी केसी अग्निहोत्री और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। कंट्रोलर वर्षा उइके के नेतृत्व में आबकारी उपनिरीक्षक स्वाति बघेल की टीम ने गांधीनगर निवासी 65 वर्षीय नापें बाई के यहां दबिश दी। कार्रवाई में एक लीटर हाथभट्टी शराब और 300 लीटर लहान जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
इसी तरह शहीद नगर निवासी 38 वर्षीय मनीष रैकवार के घर से देशी मसाला शराब के 30 पाव बरामद किए गए। उसके खिलाफ भी आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत मामला दर्ज किया गया।
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में गश्त, निगरानी और दबिश जारी रहेगी। लोगों को असली और नकली शराब की पहचान के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। अभियान में जिला आबकारी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।





