State

हाथ की नसों की जटिल चोटों का इलाज करेंगे एम्स के डॉ. अभिनव सिंह

हल्द्वानी में पूरी की ब्रैकियल प्लेक्सस सर्जरी की विशेष फेलोशिप, दुर्घटना के बाद समय पर इलाज लेने की दी सलाह

भोपाल। सड़क दुर्घटना या अन्य हादसों में हाथ की नसों को गंभीर नुकसान पहुंचने पर मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। एम्स भोपाल के बर्न्स एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अभिनव सिंह ने ब्रैकियल प्लेक्सस सर्जरी की विशेष फेलोशिप पूरी की है। इस प्रशिक्षण से एम्स में हाथ की नसों के जटिल उपचार की सुविधा को और मजबूती मिलेगी।

डॉ. अभिनव सिंह ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में विशेषज्ञ डॉ. पीएस भंडारी के मार्गदर्शन में यह फेलोशिप पूरी की। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने ब्रैकियल प्लेक्सस की कई सर्जरी में भाग लिया। इस दौरान उन्हें मरीजों की जांच, ऑपरेशन और सर्जरी की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव मिला।

ब्रैकियल प्लेक्सस शरीर में नसों का एक जाल होता है, जो रीढ़ की हड्डी को कंधे, बांह और हाथ से जोड़ता है। सड़क दुर्घटनाओं या अन्य गंभीर चोटों में इन नसों के क्षतिग्रस्त होने से पूरा हाथ कमजोर हो सकता है या उसकी हरकत बंद हो सकती है। ऐसे मरीजों को कंधा उठाने, कोहनी मोड़ने, कलाई हिलाने और हाथ से सामान्य काम करने में परेशानी होती है।

डॉ. सिंह ने बताया कि दुर्घटना या चोट के बाद हाथ में कमजोरी अथवा उसकी हरकत कम होने पर इलाज में देरी नहीं करनी चाहिए। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत प्लास्टिक सर्जरी विभाग में विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए। समय पर जांच और उपचार से हाथ की कार्यक्षमता वापस आने की संभावना बढ़ सकती है। इलाज में देरी होने पर सर्जरी के बेहतर परिणाम मिलने की संभावना भी कम हो सकती है।

Related Articles