संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने की समय-सीमा पत्रों की समीक्षा, सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी सेवाओं पर दिए सख्त निर्देश

भोपाल, 19 जून। नवागत संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने शुक्रवार को संभागीय कार्यालय में समय-सीमा कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की।

संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनहितकारी सेवाओं का समय पर, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से लाभ नागरिकों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में केवल संख्या पूरी करने के बजाय वास्तविक और संतोषजनक समाधान पर ध्यान दिया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत निर्धारित समय सीमा में सेवाओं का वितरण सुनिश्चित किया जाए और लंबित मामलों की प्रभावी निगरानी की जाए।

हर सप्ताह 2 से 3 विभागों का होगा प्रस्तुतीकरण

संभागायुक्त ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं और विभागीय उपलब्धियों को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने के लिए संभागीय अधिकारी अपने-अपने विभागों का प्रस्तुतीकरण करेंगे। प्रत्येक सप्ताह 2 से 3 विभागों के प्रस्तुतीकरण आयोजित किए जाएंगे, जिससे विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और कार्यों की समीक्षा प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।

बैठक में संयुक्त आयुक्त विकास विनोद यादव, उपायुक्त किरण गुप्ता सहित संभागीय स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान पर जोर

संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण में गुणवत्ता को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का ऐसा समाधान किया जाए जिससे आमजन को वास्तविक राहत मिले और शासन की सेवाओं के प्रति विश्वास मजबूत हो।

Exit mobile version