भोपाल, 21 अगस्त। जिले की अरवलिया पंचायत के परवलिया सानी स्थित प्राथमिक शाला का शुक्रवार को जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा मिला। मौके पर न तो विद्यार्थी मौजूद थे और न ही कोई शिक्षक।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष कुछ देर तक स्कूल के बाहर खड़े होकर शिक्षक के आने का इंतजार करते रहे। कुछ समय बाद एक शिक्षक स्कूल पहुंचे। शिक्षक के देरी से आने पर जाट ने उन्हें फटकार लगाई और मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की।
ग्रामीणों की शिकायत पर पहुंचे थे जाट
मोहन सिंह जाट ने बताया कि उन्हें कई दिनों से ग्रामीणों की शिकायत मिल रही थी कि स्कूल समय से पहले बंद कर दिया जाता है। शिकायतों की जांच के लिए वे अचानक स्कूल पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान स्कूल बंद मिला और वहां कोई शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद नहीं था।
जाट ने शिक्षक पर नशे की हालत में स्कूल पहुंचने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने कहा कि यदि मेडिकल जांच में उनका आरोप गलत साबित होता है तो वे अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। मामले में संबंधित अधिकारियों से जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।
