भोपाल के छह सरकारी स्कूलों में डिजिटल साक्षरता अभियान शुरू, ‘डिजी सफर’ मोबाइल वैन का शुभारंभ

भोपाल। बालिकाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने और उन्हें तकनीक के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रूम टू रीड के गर्ल्स एजुकेशन प्रोग्राम ने भोपाल के छह शासकीय विद्यालयों में राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान 17 से 25 नवंबर तक चलेगा। इस वर्ष अभियान की थीम ‘डिजिटल दुनिया में समानता के रंग, हर कदम बेटी के संग’ रखी गई है।
अभियान का प्रमुख आकर्षण ‘डिजी सफर’ मोबाइल वैन का शुभारंभ रहा। भोपाल संभाग के संयुक्त संचालक कार्यालय के अधिकारियों ने मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान संयुक्त संचालक धर्मेंद्र शर्मा, सहायक संचालक कनक प्रसाद, जितेंद्र, संभागीय खेल विभाग से शर्मिला बारिक और विकास चौहान मौजूद रहे।
अभियान के तहत मोबाइल वैन के माध्यम से स्कूलों और समुदायों तक पहुंचकर बालिकाओं, अभिभावकों और अन्य लोगों को डिजिटल साक्षरता, ऑनलाइन सुरक्षा, डिजिटल संसाधनों तक समान पहुंच और तकनीक के सकारात्मक उपयोग की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम का संचालन रूम टू रीड की टीम की पूजा श्रीवास्तव और अंकिता धुर्वे ने किया। अभियान का उद्देश्य बालिकाओं में तकनीकी कौशल, आत्मविश्वास और ऑनलाइन शिक्षा के अवसरों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।





