भोपाल में घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी में देरी, उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी पर जताई नाराजगी

8 दिन से नहीं मिली गैस, कई बार बुकिंग के बाद भी इंतजार; खाद्य विभाग तक पहुंची शिकायत

भोपाल, 3 जून। राजधानी भोपाल में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती नजर आ रही है। हमीदिया रोड स्थित एक गैस एजेंसी पर बुधवार को बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंच गए और गैस सिलेंडर की डिलीवरी में हो रही देरी को लेकर नाराजगी जताई। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बुकिंग कराने के कई दिन बाद भी उन्हें सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।

8 दिनों से लंबित हैं गैस सिलेंडर की डिलीवरी

स्थानीय उपभोक्ताओं के अनुसार एजेंसी क्षेत्र में पिछले कई दिनों से गैस सिलेंडर की बुकिंग तो की जा रही है, लेकिन समय पर डिलीवरी नहीं हो रही। बताया जा रहा है कि एजेंसी के अंतर्गत हजारों घरेलू उपभोक्ता जुड़े हुए हैं और बड़ी संख्या में बुकिंग लंबित होने से लोगों को रसोई गैस की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति से परेशान उपभोक्ताओं ने एजेंसी पहुंचकर अपनी नाराजगी व्यक्त की और मामले की शिकायत संबंधित विभाग को भी दी।

कई बार बुकिंग के बाद भी नहीं मिला सिलेंडर

उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्होंने एक से अधिक बार गैस बुकिंग कराई, लेकिन इसके बावजूद सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हुई। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि पहले की गई बुकिंग रद्द हो गई या उसकी स्थिति स्पष्ट नहीं बताई गई, जिससे उन्हें दोबारा बुकिंग करानी पड़ी।

रसोई गैस जैसी आवश्यक सेवा में देरी के कारण परिवारों को दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

खाद्य विभाग ने लिया संज्ञान

मामले को लेकर जिला प्रशासन के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को शिकायत प्राप्त हुई है। जिला अपूर्ति नियंत्रक ने बताया कि संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ शिकायत मिली है और बड़ी संख्या में गैस बुकिंग लंबित होने की जानकारी सामने आई है। विभाग द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

उपभोक्ताओं ने की नियमित आपूर्ति की मांग

उपभोक्ताओं ने मांग की है कि घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति व्यवस्था को जल्द सामान्य किया जाए और लंबित बुकिंग का शीघ्र निराकरण किया जाए। उनका कहना है कि रसोई गैस आम लोगों की दैनिक जरूरत से जुड़ी सेवा है, इसलिए इसकी उपलब्धता में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं होनी चाहिए।

Exit mobile version