छठ पर्व पर रेलवे स्टेशनों पर बढ़ी भीड़, कंट्रोल रूम से रखी जा रही लगातार नजर

भोपाल। छठ पर्व के चलते रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भोपाल मंडल रेल प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। भोपाल, रानी कमलापति, इटारसी, बीना, विदिशा और नर्मदापुरम सहित प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही पर कंट्रोल रूम से लगातार नजर रखी जा रही है। भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए अधिकारियों को समन्वय के साथ व्यवस्थाएं संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
रेलवे प्रशासन प्लेटफॉर्म और स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दे रहा है। यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी उपलब्ध कराने और किसी भी तरह की असुविधा को समय रहते दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कंट्रोल रूम से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर स्टेशन प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने के लिए निर्देशित किया जा रहा है।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा रेलवे की प्राथमिकता है। इसके लिए प्रमुख स्टेशनों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे स्टेशन पर निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें और आवागमन के दौरान अनुशासन बनाए रखें।





