
विभिन्न क्षेत्रों से ठेले, गुमठी, अवैध झुग्गियां और दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया, बड़ी संख्या में सामग्री जब्त
भोपाल, 15 जून। शहर में सुगम आवागमन, सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने और नागरिकों की शिकायतों के निराकरण के लिए नगर निगम की अतिक्रमण निरोधक कार्रवाई लगातार जारी है। निगम के अमले ने सोमवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर अवैध कब्जों, सड़क किनारे लगने वाली दुकानों और यातायात में बाधक सामग्री को हटाया।
नगर निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का निराकरण भी किया गया।
कई क्षेत्रों में एक साथ चला अभियान
निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने भदभदा ताज होटल, भारत माता चौराहा, न्यू मार्केट, बेतवा अपार्टमेंट, वल्लभ भवन, लिंक रोड नंबर-1, 2 और 3, बोट क्लब, श्यामला हिल्स, रेतघाट, रविंद्र भवन, 12 नंबर स्टॉप, 1100 क्वार्टर, एमपी नगर जोन-1, बोर्ड ऑफिस चौराहा, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, जाटखेड़ी, आरकेडीएफ कॉलेज क्षेत्र, बागसेवनिया, प्रभात चौराहा, रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-1 एवं 6, चांदबड़ कपड़ा मिल, अशोका गार्डन, हमीदिया रोड, पुरानी सब्जी मंडी, भोपाल टॉकीज, बरखेड़ी, भारत टॉकीज, भोपाल गेट, गोलघर, लालघाटी, गांधीनगर, प्रताप नगर सहित कई स्थानों पर कार्रवाई की।
अवैध झुग्गियां और निर्माण हटाए
कार्रवाई के दौरान भदभदा क्षेत्र से तीन और गांधी नगर क्षेत्र से पांच अवैध झुग्गियां हटाई गईं। वहीं जाटखेड़ी आरकेडीएफ कॉलेज क्षेत्र से दो अवैध झुग्गियों को हटाया गया।
इसके अलावा अशोका गार्डन क्षेत्र में बांस-बल्ली से बनाई गई अवैध झोपड़ी, प्रताप नगर में अवैध छप्पर, गांधीनगर क्षेत्र में सर्विस रोड पर रखी बांस बल्लियां, जाटखेड़ी रोड से कबाड़ सामग्री और चांदबड़ कपड़ा मिल रोड पर पड़ा मलबा हटाया गया।
यातायात बाधित करने वालों पर कार्रवाई
निगम अमले ने भारत टॉकीज क्षेत्र में आवागमन में बाधक बने तीन चार पहिया वाहनों को हटाया। वहीं 12 नंबर स्टॉप क्षेत्र में नाली पर अवैध रूप से रखी गई फर्शियों को हटाकर मार्ग को व्यवस्थित किया गया।
ठेले, काउंटर और अन्य सामग्री जब्त
अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान फुटपाथों और सड़कों पर लगी सब्जी, कपड़े और अन्य दुकानों को हटाया गया। दुकानों के बाहर रखा सामान भी जब्त किया गया।
निगम ने कार्रवाई में:
11 ठेले
1 काउंटर
1 पान पार्लर
1 स्टैंड कांटा व पलवा
7 कैरेड
27 कुर्सियां
5 स्टूल
1 टेबल
सहित अन्य सामग्री जब्त की।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अवैध कब्जों के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जाएगा।





