भोपाल में निगम की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, अवैध चबूतरे, झुग्गियां, ठेले और सड़क बाधक वाहन हटाए

भोपाल, । नगर निगम भोपाल द्वारा शहर में अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण हटाए।

निगम आयुक्त के निर्देश पर की गई कार्रवाई में सीएम हेल्पलाइन, कॉल सेंटर और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का निराकरण भी किया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बनाई जा रही झुग्गियों का निर्माण रुकवाया गया तथा सार्वजनिक आवागमन में बाधक सामग्री हटाई गई।

अवैध निर्माण और सड़क बाधक सामग्री हटाई

नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दलों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नालियों पर रखी फर्शियां, अवैध चबूतरे, टीन की चादरें, मलमा, फुटपाथ पर लगी सब्जी की दुकानें, ठेले, गुमठियां, पान पार्लर, काउंटर, फ्लैक्स बोर्ड, स्टूल, कुर्सी, टेबल सहित अन्य अतिक्रमण हटाए।

इसके अलावा सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर आवागमन में बाधक खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को भी हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ सामग्री जब्त भी की गई।

इन क्षेत्रों में चला अभियान

निगम अमले ने कोलार दामखेड़ा, मंदाकिनी चौराहा, दानिश कुंज, राजवैद्य कॉलोनी, सनखेड़ी, गणेश नगर, डीमार्ट, ललिता नगर, नेहरू नगर, भदभदा, भारत माता चौराहा, नीलबड़ चौराहा, जवाहर चौक, सरस्वती नगर, न्यू मार्केट नो-व्हीकल जोन, काटजू अस्पताल, लिंक रोड नंबर-1, 2 और 3, बिट्ठल मार्केट, 1100 क्वार्टर, बागमुगालिया चौराहा, होशंगाबाद रोड, बरखेड़ी-चिकलोद रोड, जहांगीराबाद मुर्गी बाजार, रेतघाट, रविंद्र भवन, हमीदिया रोड, रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर-6, नादरा बस स्टैंड, शाहजहांनाबाद, न्यू कबाड़खाना, डीआईजी बंगला चौराहा, भोपाल टॉकीज, बड़वाई, करोंद विश्वकर्मा नगर, हाउसिंग बोर्ड, शहीद कॉलोनी, पीपल चौक और करोंद चौराहा सहित कई क्षेत्रों में कार्रवाई की।

कई स्थानों से हटाए गए अवैध कब्जे

कार्रवाई के दौरान कोलार दामखेड़ा, गणेश नगर और बड़वाई में बनाए गए अवैध चबूतरे हटाए गए। राजवैद्य कॉलोनी में प्लॉट पर अवैध रूप से लगाई गई टीन की चादर हटाई गई।

जहांगीराबाद मुर्गी बाजार क्षेत्र में सर्विस रोड पर रखे मुर्गियों के पिंजरे हटाए गए। करोंद हाउसिंग बोर्ड रूसल्ली और शाहजहांनाबाद शर्मा कॉलोनी क्षेत्र में नाली पर रखी अवैध फर्शियां हटाई गईं।

नादरा बस स्टैंड क्षेत्र में दुकान के ऊपर लगे एक लाइट फ्लैक्स बोर्ड को हटाया गया। पीपल चौक से करोंद चौराहे तक सर्विस रोड पर आवागमन में बाधक 10 दोपहिया और 8 चारपहिया वाहनों को हटवाया गया।

न्यू मार्केट नो-व्हीकल जोन में भी कार्रवाई

नगर निगम की टीम ने न्यू मार्केट नो-व्हीकल जोन क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 3 भरी पल्ली, 1 खाली पल्ली और 3 फोल्डिंग टेबल जब्त की।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Exit mobile version