स्वच्छता विशेष अभियान 6.0 के तहत इटारसी के प्रशिक्षण संस्थानों में जागरूकता सेमिनार आयोजित
भोपाल। पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल में स्वच्छता विशेष अभियान 6.0 के तहत विद्यार्थियों को कचरा प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। 14 अक्टूबर को इटारसी विद्युत शेड और बेसिक ट्रेनिंग सेंटर सहित प्रशिक्षण संस्थानों में जागरूकता सेमिनार आयोजित किए गए। डीआरएम पंकज त्यागी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं को कचरे के पृथक्करण, संग्रहण और उचित निस्तारण की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि कचरे को शुरुआत से ही अलग-अलग रखने से उसकी छंटाई और पुनर्चक्रण आसान होता है।
सेमिनार में हरे, नीले, लाल और काले रंग के डस्टबिन के उपयोग की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को समझाया गया कि कचरे को निर्धारित श्रेणी के अनुसार संबंधित डस्टबिन में डालना चाहिए। साथ ही, कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने और स्वच्छता को अपनी दैनिक आदतों में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यार्थियों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। कचरे को स्रोत पर अलग करना और उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करना स्वच्छता अभियान की सफलता के लिए जरूरी है। भोपाल मंडल की ओर से अभियान के तहत रेलकर्मियों, विद्यार्थियों और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
