आदमपुर में कचरा निपटान के लिए 48 करोड़ का ठेका, नए आवासों को भी मंजूरी

भोपाल। नगर निगम की महापौर परिषद ने आदमपुर में अगले पांच साल तक कचरे के वैज्ञानिक निपटान के लिए 48 करोड़ रुपये का ठेका मंजूर किया है। यहां करीब 6.5 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे का ढेर है, जबकि शहर से रोजाना लगभग 800 मीट्रिक टन नया कचरा निकलता है। पिछला ठेका 52 करोड़ रुपये का था। इस बार चार करोड़ रुपये कम में काम कराने का दावा किया गया है। महापौर मालती राय की अध्यक्षता में हुई बैठक में अमृत 2.0 योजना के लिए 200 करोड़ रुपये के हरित नगर निकाय ऋण पत्र जारी करने की मंजूरी भी दी गई। इससे विकास कार्यों के लिए राशि जुटाई जाएगी।

कोलार छह लेन सड़क के रास्ते में आ रही पानी की पाइपलाइन हटाने का खर्च भी बढ़ाया गया है। इसके लिए पहले 8.02 करोड़ रुपये मंजूर थे। अब करीब 53.3 लाख रुपये अतिरिक्त स्वीकृत किए गए हैं। आवास परियोजनाओं में देरी के चलते ठेकेदारों को फिर समय दिया गया है। गंगा नगर और श्याम नगर में 31 दिसंबर 2026 तक तीसरी बार मोहलत मिली है, जबकि साई कंस्ट्रक्शन को चौथी बार समय बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2026 तक काम पूरा करने को कहा गया है। बैठक में राजेंद्र नगर में 768 आवासों के लिए 12 करोड़ रुपये की निविदा, कस्तूरबा नगर में 528 आवासों के लिए 64.5 करोड़ और नयापुरा में 256 आवासों के लिए 27.5 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के दूसरे चरण की डीपीआर तैयार करने के लिए सलाहकार नियुक्त करने को भी स्वीकृति मिली।

Exit mobile version