भोपाल, 18 नवंबर। नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बुधवार को सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में आयुक्त ने कहा कि शहर के नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। कोई भी अधिकारी शिकायत को अनदेखा न करे। यदि शिकायत उसके विभाग से संबंधित नहीं है, तो संबंधित विभाग से समन्वय कर उसका निराकरण कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर आयुक्त अभिषेक सराफ, वरुण अवस्थी, अमन मिश्रा और अभिषेक सिंह सहित उपायुक्त भुवन गुप्ता, दिनेश सिंह, हीरेंद्र सिंह कुशवाह, चंचलेश गिरहारे, अधीक्षण यंत्री आरआर जरोलिया और सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। आयुक्त ने अधिकारियों को लंबित शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने और समय सीमा में निराकरण की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।
