इज्तिमा में भीड़ प्रबंधन से लेकर सुरक्षा तक आधुनिक तकनीक का होगा उपयोग

4 से 7 दिसंबर तक ईटखेड़ी में होगा आयोजन, संभागायुक्त ने अधिकारियों को दिए निर्देश

भोपाल। राजधानी के ईटखेड़ी में 4 से 7 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इज्तिमा की तैयारियों को लेकर बुधवार को संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने इज्तिमा स्थल पर अधिकारियों और आयोजन समिति के पदाधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन में आधुनिक तकनीक और नवाचार का उपयोग कर भीड़ प्रबंधन, पेयजल व्यवस्था और नवीकरणीय ऊर्जा के बेहतर इंतजाम किए जाएं। साथ ही जीरो वेस्टेज की अवधारणा के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

बैठक में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, भोपाल देहात आईजी रुचि वर्धन मिश्रा, एसपी देहात पंकज पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संभागायुक्त ने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने और आने वाली जमातों की सुरक्षा व सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

आईजी रुचि वर्धन मिश्रा ने सुरक्षा के लिए पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाने, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था मजबूत रखने को कहा। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर हेल्प डेस्क भी स्थापित किए TT जाएंगे।

संभागायुक्त ने बिजली के उपकरणों और इंस्टॉलेशन की जांच, स्वयंसेवकों की सूची तैयार करने तथा जिला प्रशासन और इज्तिमा समिति के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ आपात स्थिति में त्वरित मदद सुनिश्चित करने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता व पेयजल की जांच कराने को भी कहा।

Exit mobile version