महंगाई से आम आदमी परेशान, किसान को नहीं मिल रहा उचित दाम: जीतू पटवारी

भोपाल, 20 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने महंगाई, किसानों की समस्याओं, शराबबंदी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ गया है, जबकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक भी मौजूद रहे।

पटवारी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके पंचायती राज, मतदान की उम्र 18 वर्ष करने और सूचना तकनीक व दूरसंचार के क्षेत्र में योगदान को याद किया।

उन्होंने दावा किया कि खाद्य तेलों, दाल, चीनी और दूध की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। उनके मुताबिक सोयाबीन तेल के दाम में करीब 12 प्रतिशत, मूंगफली तेल में 10 प्रतिशत और सरसों तेल में करीब 20 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसल कम कीमत पर बेच रहा है, लेकिन बाजार में उपभोक्ता को वही सामान महंगा मिल रहा है।

पटवारी ने शराबबंदी और अवैध शराब के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने अवैध शराब की बिक्री और कथित होम डिलीवरी पर सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदेशभर में अभियान चलाएगी।

शिक्षा व्यवस्था पर श्वेत पत्र की मांग

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मध्यप्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर मुख्यमंत्री मोहन यादव से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को स्कूलों में शिक्षकों की संख्या, भवन, सुविधाओं और विद्यार्थियों की स्थिति की वास्तविक जानकारी जनता के सामने रखनी चाहिए।

पटवारी ने कहा कि यदि 8 दिन में शिक्षा व्यवस्था को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो कांग्रेस प्रदेश के स्कूलों तक पहुंचकर ‘दस्तक’ अभियान चलाएगी। स्कूलों की समस्याओं को सोशल मीडिया के जरिए उठाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इसके बाद भी सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो कांग्रेस प्रदेश के सभी संभागों में साइक्लोथॉन आयोजित करेगी। कांग्रेस महंगाई, किसान, शिक्षा, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

Exit mobile version