मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान से मजबूत होगा जनता और सरकार के बीच विश्वास : गोविंद सिंह राजपूत

जैसीनगर/सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए चलाए जा रहे मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जैसीनगर में जनसमस्या समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सहित कलेक्टर, एसपी, जिला पंचायत सीईओ और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान केवल समस्याएं सुनने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह जनता और सरकार के बीच विश्वास मजबूत करने का माध्यम है। हर शुक्रवार को आयोजित होने वाले इन शिविरों में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का निराकरण करेंगे। यह अभियान जनवरी तक जिला और खंड स्तर पर जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि शिविरों के माध्यम से आयुष्मान कार्ड, संबल कार्ड, लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 से जुड़ी समस्याओं का निराकरण कराया जा सकेगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से भी जरूरतमंद लोगों को शिविर तक पहुंचाने की अपील की।

योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना लक्ष्य

राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना और हर घर नल-जल सहित विभिन्न योजनाओं से लोगों को लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि योजनाएं तभी सार्थक हैं, जब उनका लाभ वास्तविक हितग्राही तक पहुंचे। जनविश्वास अभियान में अधिकारियों को जनता की समस्याओं के समाधान के लिए जवाबदेह बनाया जा रहा है।

सुरखी विधानसभा में विकास और जनसेवा प्राथमिकता

मंत्री ने कहा कि सुरखी विधानसभा उनका परिवार है और क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है। सड़क, नाली, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ गांव-गांव विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजना का लाभ मिलना और उसकी समस्या का समाधान होना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ क्षेत्र की स्वच्छता और गांवों के विकास में जनसहयोग की आवश्यकता बताई। एसपी अनुराग सुजानिया ने छोटे विवादों और स्थानीय समस्याओं के समाधान में ग्राम पंचायत एवं बुजुर्गों की सहभागिता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस 24 घंटे जनता की सेवा के लिए उपलब्ध है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Exit mobile version