
भोपाल, 21 अगस्त। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को कोलार तहसील परिसर में जनसमस्या निवारण शिविर एवं हितग्राही सम्मेलन आयोजित किया गया। शिविर में हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा और कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। कुछ शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।शिविर में नगर निगम और जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं की जानकारी दी। पात्र हितग्राहियों से योजनाओं के लिए आवेदन भी लिए गए। पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड और सामाजिक सुरक्षा पेंशन के हितग्राहियों को स्वीकृति-पत्र वितरित किए गए। वहीं, मुद्रा योजना के तहत बैंक ऑफ इंडिया ने एक हितग्राही को 10 लाख रुपये के ऋण का स्वीकृति-पत्र सौंपा। मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी बिल्डरों कीशिविर में बड़ी संख्या में नवीन और अविकसित कॉलोनियों के रहवासी सड़क, पेयजल, बिजली और सीवरेज जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं लेकर पहुंचे। इस पर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कॉलोनियों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी बिल्डरों की है। सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने वाले बिल्डरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने नागरिकों से अपील की कि भूखंड खरीदने से पहले कॉलोनी की प्रशासनिक स्वीकृतियों और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच जरूर करें।हर मंगलवार लगेगा कॉलोनी सेल का विशेष शिविरकलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बताया कि कॉलोनियों से जुड़े लंबित मामलों के समाधान के लिए कलेक्टर कार्यालय में विशेष कॉलोनी सेल बनाया गया है। इसके माध्यम से कोलार तहसील परिसर में हर मंगलवार विशेष कॉलोनी सेल शिविर लगाया जाएगा।शिविर में अपर कलेक्टर सुमित पांडे ने कॉलोनियों से संबंधित मामलों की सुनवाई की और कई प्रकरणों का मौके पर निराकरण कराया। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों की भी समीक्षा की और अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।