पलासी जैन मंदिर में मनाया जन्म कल्याणक, इंद्र-इंद्राणियों ने की भक्ति

पाषाण से भगवान बनने के अनुष्ठान में संतो के सानिध्य में हुए धार्मिक आयोजन
भोपाल। पलासी स्थित धर्मनाथ जिनालय परिसर में पाषाण से भगवान बनने के अनुष्ठान के तहत जन्म कल्याणक महोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर भगवान के जन्म की खुशियां धूमधाम से मनाई गईं। आचार्य श्री समय सागर महाराज के शिष्य मुनि विनीत सागर सहित अन्य संतों के सानिध्य में विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इंद्र-इंद्राणियों और राजकुमारों ने भक्ति नृत्य के माध्यम से आराधना की।
प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया कि अनुष्ठान में सौधर्म इंद्र के रूप में डॉ. देवांश और डॉ. हर्षिता जैन, कुबेर के रूप में राजीव और ऋचा जैन, महायज्ञनायक के रूप में अभिषेक और अलका जैन, ईशान इंद्र के रूप में नवीन जैन, सनत इंद्र के रूप में नरेंद्र जैन, भरत चक्रवर्ती के रूप में रोहित संयम जैन तथा राजा सोम के रूप में आयुष और सोनाली ने धार्मिक क्रियाओं में भाग लेकर प्रभु की आराधना की।
उन्होंने बताया कि नवीन जिनालय में कल्पवृक्ष की प्रतिकृति के साथ नई वेदी तैयार की गई है। इसमें राजस्थान से लाई गईं पाषाण और अष्टधातु की प्रतिमाएं विराजमान की जाएंगी। अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति और उत्साह के साथ भागीदारी की।





