भोपाल मंडल में कैशलेस ट्रांजेक्शन को मिला बड़ा बढ़ावा, डिजिटल भुगतान से 20.7 करोड़ का राजस्व अर्जित

भोपाल। भारतीय रेल द्वारा यात्रियों को अत्याधुनिक डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में कैशलेस ट्रांजेक्शन को बड़े पैमाने पर प्रोत्साहित किया जा रहा है। डिजिटल भुगतान के प्रति यात्रियों की बढ़ती रुचि का परिणाम है कि दिसंबर माह में हजारों यात्रियों ने ऑनलाइन और डिजिटल माध्यमों से टिकट भुगतान किया।

दिसंबर माह में 2.8 लाख से अधिक यात्रियों ने किया डिजिटल भुगतान

भोपाल मंडल द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर 2025 में आरक्षित (PRS) और अनारक्षित (UTS) टिकटों के लिए कुल 2.78 लाख से अधिक यात्रियों ने कैशलेस माध्यम से भुगतान किया। इन यात्रियों से रेलवे को 20.7 करोड़ रुपये का राजस्व डिजिटल भुगतान के जरिए प्राप्त हुआ।

आंकड़ों के अनुसार 28,881 यात्रियों ने आरक्षित टिकटों के लिए डिजिटल भुगतान किया। लगभग 2.5 लाख यात्रियों ने अनारक्षित टिकटों के लिए कैशलेस भुगतान अपनाया। यह दर्शाता है कि भोपाल मंडल में यात्रियों के बीच डिजिटल इंडिया अभियान का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है।

विभिन्न डिजिटल माध्यमों से हुआ भुगतान

भोपाल मंडल के आरक्षण और यूटीएस काउंटर्स पर डिजिटल भुगतान सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। दिसंबर माह में अर्जित डिजिटल राजस्व का विवरण इस प्रकार है, आरक्षण प्रणाली (PRS) के माध्यम से पीओएस मशीनों द्वारा – ₹2,14,905, यूपीआई भुगतान – ₹11,52,615, क्यूआर कोड भुगतान – ₹1,29,87,735, अनारक्षित टिकट प्रणाली (UTS) के माध्यम से, मोबाइल टिकटिंग से – ₹63,78,845, रेलवे प्रशासन यात्रियों को यूपीआई, भीम एप, क्यूआर कोड और मोबाइल टिकटिंग जैसे आधुनिक डिजिटल विकल्पों का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रहा है।

कैशलेस भुगतान के बड़े फायदे

डिजिटल भुगतान प्रणाली से यात्रियों को कई महत्वपूर्ण लाभ मिल रहे हैं, नकद राशि साथ रखने की जरूरत समाप्त, टिकट लेने की प्रक्रिया तेज और सुविधाजनक, लेन-देन में पारदर्शिता, सुरक्षित और एन्क्रिप्टेड भुगतान व्यवस्था, लंबी कतारों से मुक्ति। रेलवे द्वारा उपयोग किए जा रहे सभी डिजिटल भुगतान माध्यम उच्च स्तरीय सुरक्षा मानकों से लैस हैं, जिससे यात्रियों का डेटा और लेन-देन पूरी तरह सुरक्षित रहता है।

डिजिटल भुगतान को और बढ़ावा देगा भोपाल मंडल

सीनियर डीसीएम श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि भोपाल मंडल डिजिटल भुगतान प्रणाली को और अधिक मजबूत तथा सुलभ बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। आने वाले समय में जागरूकता अभियान, तकनीकी विस्तार और सुविधाओं में सुधार के माध्यम से अधिक से अधिक यात्रियों को कैशलेस ट्रांजेक्शन से जोड़ने की योजना बनाई जा रही है।

Exit mobile version