बड़ी झील के कैचमेंट में फिर चलेगा बुलडोजर, 296 अतिक्रमणों पर कार्रवाई की तैयारी

भोपाल। राजधानी की जीवनरेखा कही जाने वाली बड़ी झील के कैचमेंट क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने की दिशा में जिला प्रशासन एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। बैरागढ़ क्षेत्र में शनिवार को अतिक्रमण हटाने की संभावना जताई जा रही है। इस कार्रवाई में झील के कैचमेंट एरिया में बने अवैध निर्माणों को हटाया जाएगा।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई के लिए पुलिस बल और नगर निगम के अमले की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस बल उपलब्ध होने के बाद एसडीएम और तहसीलदार की मौजूदगी में कैचमेंट क्षेत्र में बने रेस्टोरेंट, मैरिज गार्डन, मकान, बंगले और झुग्गियों सहित अन्य निर्माणों पर कार्रवाई की जा सकती है।

बैरागढ़ क्षेत्र के तहसीलदार ने बताया कि सीमांकन के दौरान जिन अतिक्रमणों को चिन्हित किया गया था, उन्हें हटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

हाईकोर्ट और एनजीटी के आदेश के तहत कार्रवाई

बड़ी झील के संरक्षण को लेकर और के निर्देशों के पालन में जिला प्रशासन कार्रवाई कर रहा है। आदेश के अनुसार कैचमेंट क्षेत्र में शासकीय या निजी भूमि पर बने ऐसे सभी निर्माण हटाए जाने हैं, जो झील के प्राकृतिक प्रवाह और पर्यावरणीय संतुलन को प्रभावित करते हैं।

प्रशासन द्वारा फरवरी माह में किए गए सीमांकन में टीटी नगर और बैरागढ़ क्षेत्र में कुल 347 अतिक्रमण चिन्हित किए गए थे। इनमें से 51 अतिक्रमण अप्रैल माह में हटाए जा चुके हैं। अब शेष 296 अतिक्रमणों पर कार्रवाई की जानी है।

झील संरक्षण को लेकर प्रशासन सक्रिय

बड़ी झील के कैचमेंट क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रखने की तैयारी है। प्रशासन का कहना है कि झील के जलग्रहण क्षेत्र को सुरक्षित रखना पर्यावरण और शहर के जल संसाधनों के संरक्षण के लिए जरूरी है।

एडीएम ने बताया कि कैचमेंट एरिया में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निरंतर जारी है। कलियासोत डैम क्षेत्र से अतिक्रमण हटाए जा चुके हैं, जबकि बड़ी झील के कुछ हिस्सों में अप्रैल में कार्रवाई की गई थी। शेष अतिक्रमणों को भी जल्द हटाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ भी प्रशासन समय-समय पर कार्रवाई कर रहा है। झीलों और जल संरचनाओं के संरक्षण के लिए नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

Exit mobile version