ईटखेड़ी-अचारपुरा में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, सरकारी जमीन खाली कराने की कार्रवाई
हुजूर तहसील के पतलून बस्ती में प्रशासन ने की कार्रवाई, एसडीएम के नेतृत्व में पहुंचा अमला
भोपाल। हुजूर तहसील क्षेत्र में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की है। गुरुवार सुबह ग्राम पंचायत अरबलिया और अचारपुरा पंचायत के अंतर्गत पतलून बस्ती में तहसील प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल के साथ पहुंची। यहां शासकीय जमीन पर बनी झुग्गियों को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया गया।
एसडीएम हुजूर विनोद सोनकिया के नेतृत्व में नायब तहसीलदार और ईटखेड़ी थाना पुलिस की मौजूदगी में यह कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन के अनुसार, शासकीय जमीन पर लंबे समय से झुग्गियां बनाकर कब्जा किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई से करोड़ों रुपये की शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा रहा है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं। किसी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है।



