State

पेंशन कार्ड अपडेट और टैक्स छूट का झांसा देकर 6 लाख की ठगी, बिहार से आरोपी गिरफ्तार

देवास पुलिस ने कटिहार से पकड़ा आरोपी, 5 लाख रुपये नकद जब्त; e-Zero FIR के तहत जिले में अब तक 26 गिरफ्तार

भोपाल। बैंक अधिकारी बनकर पेंशन कार्ड अपडेट कराने और टैक्स में छूट दिलाने का झांसा देकर एक सेवानिवृत्त कर्मचारी से 6 लाख 3 हजार रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में देवास पुलिस ने बिहार के कटिहार से आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर की अलमारी से 5 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, देवास के कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाले 62 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी को ठगों ने बैंक अधिकारी बनकर फोन किया था। पेंशन कार्ड अपडेट कराने और टैक्स में छूट दिलाने का झांसा देकर उनसे अलग-अलग माध्यमों से 6 लाख 3 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पहुंची पुलिस

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बैंक खातों में हुए लेनदेन, मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर पुलिस बिहार के कटिहार जिले पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर 5 लाख रुपये नकद जब्त किए गए।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और जांच में साइबर ठगी गिरोह के मुख्य आरोपियों के तार झारखंड के जामताड़ा से जुड़े होने की जानकारी मिली है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों, डिजिटल लेनदेन और ठगी की शेष राशि का पता लगा रही है।

e-Zero FIR के तहत 26 आरोपी गिरफ्तार

देवास पुलिस के अनुसार, जिले में साइबर अपराधों पर कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर के तहत e-Zero FIR व्यवस्था में अब तक 130 मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और लगभग 98 लाख 52 हजार रुपये जब्त किए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधों में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, ठगी के मामलों में पीड़ितों की राशि सुरक्षित कराने और अंतरराज्यीय गिरोहों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles