भोपाल। राजधानी भोपाल के थाना निशातपुरा क्षेत्र में करोंद बैरसिया रोड पर लंबे समय से दहशत का पर्याय बने अड़ीबाज बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आए दिन राहगीरों से मारपीट, लूटपाट और अड़ीबाजी करने वाले आरोपियों को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार कर पुलिस ने उनका सार्वजनिक जुलूस निकाला। इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।
सीसीटीवी फुटेज से खुला बदमाशों का राज
पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि करोंद बैरसिया रोड पर कुछ असामाजिक तत्व राह चलते लोगों को रोककर पैसे, मोबाइल और कीमती सामान छीन लेते हैं। विरोध करने पर मारपीट की जाती थी। इलाके में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की जांच में कई घटनाओं के फुटेज पुलिस के हाथ लगे, जिनके आधार पर बदमाशों की पहचान की गई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
निशातपुरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में अरबाज उर्फ नाडा (19 वर्ष) – निवासी गैस राहत कॉलोनी, करोंद, थाना निशातपुरा, इस्लाम उल्ला (32 वर्ष) – निवासी एहसान नगर, करोंद, थाना निशातपुरा, अमन उर्फ बच्चा – निवासी बाग उमराव दल्हा, नसीर सेठ की मस्जिद के पास, थाना ऐशबाग इनके अलावा एक अन्य आरोपी अदनान ऑटो फिलहाल फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
आजीवन कारावास की धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि इन बदमाशों द्वारा अब तक कई लोगों से रुपए, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान छीना गया था। साथ ही अनेक निर्दोष लोगों के साथ मारपीट की घटनाओं को भी अंजाम दिया गया था।
क्षेत्र में फैली थी दहशत
करोंद, बैरसिया रोड और आसपास के इलाकों में इन आरोपियों की दहशत इस कदर थी कि लोग रात के समय निकलने से भी डरने लगे थे। दुकानदारों और स्थानीय निवासियों ने कई बार पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद आम जनता ने राहत महसूस की है और निशातपुरा थाना पुलिस की सराहना की है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
निशातपुरा थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अड़ीबाजी, गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा।
थाना निशातपुरा की यह कार्रवाई अन्य अपराधियों के लिए भी कड़ा संदेश मानी जा रही है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
ब्रेकिंग न्यूज : करोंद बैरसिया रोड पर अड़ीबाजी करने वाले बदमाशों का पुलिस ने निकाला जुलूस, तीन आरोपी गिरफ्तार
