भोपाल: FIR विवाद पर भाजपा का पलटवार, जीतू पटवारी की साख खत्म, बीजेपी मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल का तीखा बयान

भोपाल। मध्यप्रदेश में राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। कांग्रेस नेता और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर दर्ज हुई FIR को लेकर कांग्रेस जहां इसे साजिश बता रही है, वहीं भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने प्रेस बयान जारी कर कांग्रेस और जीतू पटवारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मप्र की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं जीतू पटवारी : आशीष अग्रवाल
FIR को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि जीतू पटवारी अपनी राजनीतिक छवि चमकाने के चक्कर में प्रदेश की छवि को धूमिल कर रहे हैं। वे अब जनता के बीच अपनी साख पूरी तरह खो चुके हैं। जो व्यक्ति खुद सवालों के घेरे में है, वो दूसरों पर उंगली उठा रहा है।”
खोई हुई साख अब लौटने वाली नहीं
आशीष अग्रवाल ने आगे कहा कि कुछ भी कर लें, जीतू पटवारी की खोई हुई साख अब वापस नहीं आने वाली। कांग्रेस को आत्ममंथन करने की जरूरत है कि क्या ऐसे व्यक्ति को प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखना उचित है।
उन्होंने पटवारी से मध्यप्रदेश की जनता से माफी मांगने और अपने पद पर पुनर्विचार करने की भी मांग की। जब चोर की दाढ़ी में तिनका होता है, तब वही सबसे ज़्यादा चिल्लाता है। जीतू पटवारी की प्रतिक्रिया भी उसी मानसिकता का परिचायक है।”
कांग्रेस ने FIR को बताया था ‘राजनीतिक बदले की कार्रवाई
बता दें कि कांग्रेस ने जीतू पटवारी के खिलाफ दर्ज FIR को राजनीतिक द्वेष की कार्रवाई बताया है और कहा था कि सरकार विपक्ष की आवाज़ को दबाने के लिए प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है। लेकिन भाजपा ने इन आरोपों को पूरी तरह नकारते हुए कहा है कि कानून अपना काम कर रहा है, और जो भी कानून के दायरे से बाहर जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।





