State

भाजपा पर लोकतंत्र के दमन का आरोप, पुलिस प्रशासन द्वारा अत्याचार: डॉ. गोविंद सिंह

भोपाल, :  मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह और मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा सरकार पर जनविरोधी और दलित विरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा जनता पर दबाव बनाकर अत्याचार किया जा रहा है।

लहार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर अत्याचार

डॉ. गोविंद सिंह ने बताया कि लहार क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाकर गिरफ्तार किया जा रहा है। स्थानीय विधायक अम्बरीश शर्मा के संरक्षण में पुलिस प्रशासन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निशाना बना रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं लालजी शर्मा और दीपक शर्मा को झूठे प्रकरणों में फंसाकर विभिन्न धाराओं के तहत जेल भेजा गया और बेरहमी से पिटाई की गई।

दीपक बुधौलिया पर अत्याचार

डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि दीपक बुधौलिया को उनके घर से गिरफ्तार कर पुलिस ने थाने में बुरी तरह पीटा, जिससे उनके पैर में फैक्चर हो गया। पुलिस ने उन्हें झूठे प्रकरण में फंसाने के लिए कारतूस की जप्ती दिखाकर अपराध कायम किया। दीपक को सिर्फ इस बात की सजा मिली कि उनके पिता कांग्रेस पार्टी के चुनाव एजेंट थे।

कांग्रेस का जनआंदोलन

डॉ. गोविंद सिंह ने घोषणा की कि भाजपा सरकार के अत्याचारों और शोषण के खिलाफ कांग्रेस शीघ्र ही जनआंदोलन चलाएगी और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करेगी।

सरकार का अमानवीय कदम: एक लाख बुजुर्गों की पेंशन समाप्त

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने एक अन्य मुद्दे पर चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने लगभग एक लाख बुजुर्गों की पेंशन समाप्त कर दी है, जो बेहद अमानवीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कर्ज लेकर योजनाओं में पैसा लुटा रही है और अब आरबीआई ने कर्ज देने से मना कर दिया है।

कांग्रेस का विरोध

श्री नायक ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपने निर्णय पर पुनर्विचार नहीं किया तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में जनता की आवाज बनकर आंदोलन चलाएगी।

इस अवसर पर विधानसभा के पूर्व सचेतक चौधरी राकेश सिंह और मुख्य प्रवक्ता भूपेन्द्र गुप्ता भी उपस्थित थे।

Related Articles