बैरागढ़ पुलिस की बड़ी सफलता: फर्जी यूपीआई ट्रांजेक्शन दिखाकर ज्वेलर्स को ठगने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार

52 हजार रुपये के आभूषण लेकर फरार हुई थीं आरोपी, सीसीटीवी और तकनीकी जांच से पुलिस ने दबोचा
भोपाल, 5 जून। राजधानी भोपाल की बैरागढ़ पुलिस ने एक ज्वेलर्स दुकान संचालक को फर्जी यूपीआई भुगतान का झांसा देकर ठगी करने वाली दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों ने ज्वेलरी खरीदने के बाद दुकानदार को नकली ट्रांजेक्शन सक्सेसफुल मैसेज दिखाकर हजारों रुपये के आभूषण ले लिए थे। पुलिस ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से स्कूटी, मोबाइल फोन और खरीदे गए आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस आयुक्त संजय सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान तथा पुलिस उपायुक्त आदर्शकांत शुक्ला के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
ज्वेलरी खरीदकर दिखाया फर्जी पेमेंट मैसेज
पुलिस के अनुसार बैरागढ़ थाना क्षेत्र के बेहटा गांव निवासी गुलाब सिंह मेवाड़ा पंकज ज्वेलर्स के नाम से दुकान संचालित करते हैं। 25 मई 2026 की शाम दो महिलाएं मुंह पर कपड़ा बांधकर उनकी दुकान पर पहुंचीं और एक अंगूठी तथा दो बालियां खरीदीं, जिनकी कीमत लगभग 52 हजार रुपये थी।
आरोपियों ने भुगतान के लिए यूपीआई का उपयोग करने की बात कही और दुकानदार के स्कैनर पर ट्रांजेक्शन सफल होने का फर्जी संदेश दिखा दिया। जब तक दुकानदार अपने खाते में भुगतान की पुष्टि करता, तब तक दोनों महिलाएं स्कूटी से फरार हो चुकी थीं।
500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बैरागढ़ में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी अशोक कुमार गौतम ने आरोपियों की तलाश के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे लगभग 400 से 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और रोडमैप तैयार कर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद दोनों महिलाओं को बीडीए कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
मां-बेटी निकलीं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीरा अजहर (40 वर्ष) और उनकी पुत्री अलीजा अजहर (19 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे दुकानदारों को फर्जी यूपीआई ट्रांजेक्शन मैसेज दिखाकर ठगी की वारदात को अंजाम देती थीं।
दो लाख रुपये का मशरूका बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक्सेस मोपेड स्कूटी, मोबाइल फोन तथा ज्वेलरी शॉप से खरीदे गए आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक इंदर सिंह मुजाल्दे, उप निरीक्षक प्रियंवदा सिंह, प्रधान आरक्षक नवेन्द्र श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक ललित पाण्डेय, आरक्षक सुमित कुमार, संतोष, निर्मल तथा महिला आरक्षक रानी जावरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
व्यापारियों को पुलिस की सलाह
पुलिस ने व्यापारियों और दुकानदारों से अपील की है कि किसी भी डिजिटल भुगतान को स्वीकार करने से पहले अपने बैंक खाते या अधिकृत भुगतान एप पर राशि प्राप्त होने की पुष्टि अवश्य करें। केवल ग्राहक द्वारा दिखाए गए स्क्रीनशॉट या ट्रांजेक्शन मैसेज पर भरोसा न करें।



