भोपाल में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई: रातों-रात 30 होटल-ढाबों पर केस दर्ज, कई नामी ठिकानों पर आबकारी विभाग की छापामारी

भोपाल । राजधानी भोपाल की रातें अब पहले जैसी नहीं रहीं। आबकारी विभाग ने बीती रात अवैध शराब के खिलाफ बड़ा अभियान चलाकर शहर के कई चर्चित होटल और ढाबों की नींद उड़ा दी। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के निर्देश और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र धाकड़ के मार्गदर्शन में आर. जी. भदौरिया के नेतृत्व में गठित टीम ने एक के बाद एक 30 ठिकानों पर छापे मारकर केस दर्ज किए।

छापामारी कहां-कहां हुई?
बैरागढ़, इंदौर रोड, कोकता बायपास और रायसेन रोड जैसे इलाकों में स्थित कई हाई-प्रोफाइल होटल और ढाबों को इस कार्रवाई की जद में लिया गया। संभाला रिसोर्ट, वॉटरविले क्लब, मोक्ष क्लब, सम्राट ढाबा, लक्स रेस्टोरेंट, जीसी रेस्टोरेंट और शामियाना जैसे प्रतिष्ठानों में तलाशी के दौरान अवैध शराब परोसने और बिक्री के साक्ष्य मिले, जिसके चलते तत्काल एफआईआर दर्ज की गई।

कैसे की गई कार्रवाई?
जैसे ही रात ढली और होटल-ढाबों में जाम छलकने लगे, उसी वक्त आबकारी टीम ने एक के बाद एक ठिकानों पर धावा बोल दिया। टीम पूरी तैयारी के साथ मैदान में थी — किसी को मौका नहीं मिला बच निकलने का। हर उस जगह पर, जहां बिना लाइसेंस के शराब परोसी जा रही थी, विभाग ने मद्य निषेध अधिनियम के अंतर्गत केस दर्ज किए।

क्या बोले अधिकारी?
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि —
“शराब के अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। अगली बारी किसकी होगी, यह तय है — लेकिन नाम सार्वजनिक नहीं किए जाएंगे।”

भोपाल में अवैध शराब की रातें अब होंगी सन्नाटा
यह छापामारी न सिर्फ अवैध गतिविधियों पर करारा प्रहार है, बल्कि यह भी संदेश देती है कि प्रशासन अब रात की आड़ में चलने वाले काले कारोबार पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है।

Exit mobile version