
भ
ोपाल। उपभोक्ताओं को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने भोपाल में देर रात से तड़के सुबह तक विभिन्न डेयरियों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। कार्रवाई के दौरान करीब 275 किलो पनीर जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1.10 लाख रुपये बताई गई है।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने देर रात जैन डेयरी, कोलार और तड़के सुबह न्यू कृष्णा डेयरी, नादरा बस स्टैंड तथा नेशनल डेयरी, भोपाल का निरीक्षण किया। टीम सुबह करीब 4 बजे रेलवे स्टेशन, नादरा बस स्टैंड, आईएसबीटी सहित विभिन्न स्थानों पर जांच के लिए पहुंची।
निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों पर उपलब्ध पनीर की गुणवत्ता और स्वरूप को लेकर संदेह होने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। करीब 275 किलो पनीर जब्त कर उसके नमूने लिए गए हैं। नमूनों को खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने से पहले जब्त पनीर को एनालॉग पनीर घोषित नहीं किया गया है।
एनालॉग पनीर की बिक्री पर निगरानी
खाद्य सुरक्षा विभाग पनीर के नाम पर एनालॉग या वैकल्पिक उत्पादों की बिक्री को लेकर भी विशेष निगरानी कर रहा है। प्रतिष्ठानों में पनीर की लेबलिंग, पैकेजिंग, निर्माण, बिक्री संबंधी दस्तावेज और गुणवत्ता की जांच की जा रही है।
इसी अभियान के तहत D-Mart Ready, डेटा कॉलोनी, भोपाल स्थित प्रतिष्ठान की भी जांच की गई और पनीर सहित अन्य दुग्ध उत्पादों के नमूने लिए गए। विभाग द्वारा विभिन्न ई-कॉमर्स और संगठित रिटेल प्लेटफॉर्म पर भी निगरानी की जा रही है।
रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार प्रयोगशाला जांच में यदि नमूने खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं या पनीर के स्थान पर किसी अन्य वसा अथवा वनस्पति वसा आधारित उत्पाद के इस्तेमाल की पुष्टि होती है, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और संबंधित नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि पनीर खरीदते समय पैकेट पर दर्ज उत्पाद का नाम, सामग्री, निर्माण या पैकिंग संबंधी जानकारी और अन्य लेबल विवरण जरूर जांचें। संदिग्ध खाद्य पदार्थ मिलने पर इसकी सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को देने की अपील भी की गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा है कि मिलावटी, अमानक और गलत नाम या दावे के साथ बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों के खिलाफ जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
इंडिफ्रेस डेयरी, लालघाटी से मीडियम फैट पनीर का एक नमूना लिया गया और 10 किलो पनीर जब्त किया गया। नमूने को गुणवत्ता जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
