State

भोपाल के अशोक शर्मा को राष्ट्रीय संयुक्त परामर्शदात्री तंत्र में मिली जिम्मेदारी

NFIR ने तीन साल के लिए किया नामित, रेल कर्मचारियों की पदोन्नति, रिक्त पदों, ड्रेस भत्ते और सुरक्षित पार्किंग जैसे मुद्दे उठाएंगे

भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ (WCRMS) के महामंत्री और नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवेमेन (NFIR) के संयुक्त महामंत्री अशोक शर्मा को राष्ट्रीय संयुक्त परामर्शदात्री तंत्र (JCM) की नेशनल काउंसिल में कर्मचारी पक्ष का प्रतिनिधि नामित किया गया है। रेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड ने 17 नवंबर 2026 को जारी आदेश के जरिए NFIR के 13 प्रतिनिधियों के नामांकन को मंजूरी दी है। इनका कार्यकाल 5 नवंबर 2026 से तीन साल के लिए रहेगा। सूची में अशोक शर्मा का नाम नौवें क्रम पर है।

इस नामांकन के बाद पश्चिम मध्य रेलवे के कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का अवसर मिलेगा। आगामी बैठकों में ड्रेस भत्ते की विसंगति, कैडर पुनर्गठन, संरक्षा श्रेणी के रिक्त पदों और पदोन्नति के अवसर बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।

नई ट्रेनों के हिसाब से बढ़ें पद

अशोक शर्मा नई ट्रेनों के संचालन के अनुरूप गार्ड, लोको पायलट और टिकट चेकिंग स्टाफ के स्वीकृत पद बढ़ाने की मांग उठाएंगे। उनका कहना है कि वंदे भारत, अमृत भारत और ट्रेन ऑन डिमांड जैसी सेवाएं बढ़ रही हैं, लेकिन इनके अनुपात में कर्मचारियों की संख्या नहीं बढ़ाई जा रही है। इसके अलावा ट्रैक मेंटेनर के रिक्त पद भरने और सभी रेल कैडरों का समयबद्ध पुनर्गठन करने का मुद्दा भी उठाया जाएगा।

टिकट चेकिंग स्टाफ के लिए सुविधाओं की मांग

टिकट चेकिंग कर्मचारियों को मिलने वाले 5 हजार रुपए और स्टेशन मास्टरों को मिलने वाले 10 हजार रुपए के ड्रेस भत्ते की असमानता दूर करने की मांग भी रखी जाएगी। टिकट चेकिंग कर्मचारियों के विश्राम गृहों में रनिंग रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रेलवे बोर्ड स्तर पर उच्चस्तरीय समिति गठित करने का प्रस्ताव रखा जाएगा।

भोपाल मंडल में पार्किंग का मुद्दा भी उठेगा

भोपाल मंडल के रेलवे स्टेशनों पर ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों के लिए निःशुल्क और सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था का मुद्दा भी राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा। अशोक शर्मा फरवरी 2026 से इस मांग को उठा रहे हैं। उनका कहना है कि ड्यूटी पर आने वाले कर्मचारियों के दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सुरक्षित पार्किंग की जिम्मेदारी रेलवे की होनी चाहिए। इसके लिए कर्मचारियों से शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए।

अशोक शर्मा के नामांकन पर WCRMS भोपाल मंडल के अध्यक्ष आरके शर्मा, मंडल सचिव कमलेश परिहार और मुख्य शाखा सचिव अनिरुद्ध सोनी सहित संघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बधाई दी है।

Related Articles