भोपाल। यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और आधुनिक रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए पश्चिम मध्य रेलवे ने भोपाल–ग्वालियर–भोपाल एक्सप्रेस के एक रेक को एलएचबी कोच में बदलने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 12197/12198 भोपाल–ग्वालियर–भोपाल एक्सप्रेस में यह बदलाव 25 अगस्त 2026 से प्रभावी होगा।
वर्तमान में इस ट्रेन के कुल तीन रेक हैं। इनमें से एक रेक को एलएचबी रेक में परिवर्तित किया जा रहा है, जबकि शेष दो रेक फिलहाल 21 आईसीएफ कोच की मौजूदा संरचना के साथ ही संचालित होते रहेंगे।
21 आईसीएफ की जगह होंगे 18 एलएचबी कोच
ट्रेन संख्या 12197 भोपाल–ग्वालियर एक्सप्रेस और 12198 ग्वालियर–भोपाल एक्सप्रेस के एक रेक में वर्तमान में 21 आईसीएफ कोच हैं। एलएचबी रेक में बदलाव के बाद इस रेक में कुल 18 एलएचबी कोच होंगे। इससे यात्रियों को आधुनिक कोचों में सफर का लाभ मिलेगा।
नई कोच संरचना में 12 सामान्य श्रेणी, 3 स्लीपर, 1 थर्ड एसी, 1 एलएसआरडी और 1 जनरेटर कार शामिल होगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की अद्यतन कोच संरचना और संचालन संबंधी जानकारी रेलवे के अधिकृत यात्री सूचना माध्यमों से प्राप्त करें।
