मध्य प्रदेश के छह शहरों में शुरू हुई भारतगैस लाइट ज़िप सेवा, मिलेगा हल्का सिलेंडर और तेज डिलीवरी

भोपाल। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने मध्य प्रदेश के छह प्रमुख शहरों में भारतगैस लाइट ज़िप एलपीजी सेवा शुरू की है। भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन और खंडवा में अब ग्राहकों को हल्के कंपोजिट सिलेंडर के साथ नया कनेक्शन और तेज डिलीवरी जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
यह सेवा बीपीसीएल के देशभर के 100 शहरों तक विस्तार का हिस्सा है। कंपनी ने 18 जुलाई 2026 को मुंबई से इस प्रीमियम एलपीजी सुविधा की शुरुआत की थी, जिसके बाद अब इसका विस्तार मध्य प्रदेश समेत अन्य शहरों में किया गया है।
हल्का और पारदर्शी होगा सिलेंडर
भारतगैस लाइट कंपोजिट सिलेंडर सामान्य सिलेंडर की तुलना में हल्का और जंगरोधी है। इसकी खासियत यह है कि यह पारदर्शी होने के कारण ग्राहक सिलेंडर में बची एलपीजी की मात्रा को आसानी से देख सकते हैं। कंपनी के अनुसार, इसकी डिजाइन से सिलेंडर को उठाना और संभालना भी आसान होगा।
तत्काल नया कनेक्शन और एक्सप्रेस डिलीवरी
भारतगैस लाइट ज़िप के तहत इंस्टेंट न्यू कनेक्शन की सुविधा दी जाएगी। इससे नए ग्राहक के लिए एलपीजी कनेक्शन लेने की प्रक्रिया आसान और तेज होगी। इसके अलावा एक्सप्रेस डिलीवरी के जरिए सिलेंडर की जल्दी डिलीवरी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
कंपनी के अनुसार, यह सुविधा कामकाजी लोगों, छात्रों, युवा परिवारों, वरिष्ठ नागरिकों और दूसरे ऐसे उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी हो सकती है, जो एलपीजी में आसान हैंडलिंग और तेज सेवा चाहते हैं।
बीपीसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय खन्ना ने कहा कि भारतगैस लाइट ज़िप का उद्देश्य एलपीजी को ग्राहकों के लिए अधिक सरल, तेज और सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने कहा कि कंपनी उत्पाद में बदलाव के साथ ग्राहक सेवा को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दे रही है।
भारतगैस लाइट ज़िप के जरिए बीपीसीएल एलपीजी सेवा को केवल सिलेंडर की डिलीवरी तक सीमित रखने के बजाय ग्राहकों के लिए हल्का सिलेंडर, आसान कनेक्शन, सिलेंडर में गैस की मात्रा देखने की सुविधा और तेज डिलीवरी जैसे विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Exit mobile version