भोपाल, 16 मई। राजधानी भोपाल में जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के तहत करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया है।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार 1 अप्रैल से 15 मई 2026 तक जिले के हुजूर, कोलार, बैरसिया, टीटी नगर, एमपी नगर, बैरागढ़, गोविंदपुरा और शहर नजूल क्षेत्रों में व्यापक अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई की गई। इस दौरान लगभग 46 हेक्टेयर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत कलेक्टर गाइडलाइन वर्ष 2026-27 के अनुसार 70 करोड़ 50 लाख 17 हजार 720 रुपये बताई गई है।
अलग-अलग क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक कार्रवाई हुजूर और बैरसिया क्षेत्र में की गई। हुजूर तहसील में 22.078 हेक्टेयर तथा बैरसिया में 21.09 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। इसके अलावा कोलार में 1.0001 हेक्टेयर, एमपी नगर में 0.500 हेक्टेयर, टीटी नगर में 0.478177 हेक्टेयर, बैरागढ़ में 0.415 हेक्टेयर, गोविंदपुरा में 0.330 हेक्टेयर तथा शहर वृत्त क्षेत्र में 0.111 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया गया।
लगातार जारी रहेगा अभियान
प्रियंक मिश्रा ने कहा कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित एसडीएम अधिकारियों को सरकारी जमीनों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो सके।
प्रशासन का कहना है कि आगामी दिनों में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। जिला प्रशासन की इस मुहिम को शहर में सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और सुव्यवस्थित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
भोपाल में अतिक्रमण विरोधी अभियान तेज, 70 करोड़ से अधिक की शासकीय भूमि मुक्त
