आंचलिक विज्ञान केन्द्र भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय प्रकाश दिवस एवं रचनात्मक विज्ञान कार्यशाला का आयोजन

भोपाल। आंचलिक विज्ञान केन्द्र में 16 मई 2026 को “अंतर्राष्ट्रीय प्रकाश दिवस 2026” उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर “Light in Action” विषय पर विशेष विज्ञान प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और आगंतुकों को प्रकाश विज्ञान से जुड़े रोचक सिद्धांतों की जानकारी प्रयोगों और इंटरैक्टिव गतिविधियों के माध्यम से दी गई।

कार्यक्रम के दौरान विज्ञान केन्द्र के विभिन्न प्रदर्शों और विज्ञान किट्स की सहायता से प्रकाश का प्रकीर्णन, पूर्ण आंतरिक परावर्तन तथा ऑप्टिकल फाइबर में प्रकाश के संचरण जैसी वैज्ञानिक अवधारणाओं को लाइव प्रयोगों के जरिए सरल और आकर्षक तरीके से समझाया गया। विद्यार्थियों ने इन प्रयोगों को उत्सुकता के साथ देखा और वैज्ञानिक सिद्धांतों को व्यवहारिक रूप से समझा।

“क्रिएटिव मैथेमेटिक्स” कार्यशाला में विद्यार्थियों ने बनाए मॉडल

इसी क्रम में आंचलिक विज्ञान केन्द्र द्वारा आयोजित “अवकाशकालीन रचनात्मक विज्ञान कार्यशाला” के तहत विद्यार्थियों के लिए “क्रिएटिव मैथेमेटिक्स” विषय पर तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला 11 मई से 16 मई 2026 तक आयोजित हुई।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि विकसित करना और गणितीय सिद्धांतों को प्रयोगात्मक एवं रोचक तरीकों से समझाना था। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न गणितीय अवधारणाओं पर आधारित शैक्षणिक किट और मॉडल तैयार किए।

टैंग्राम और नेपियर्स बोन्स से सीखी गणित

कार्यशाला में विद्यार्थियों ने टैंग्राम गतिविधि के माध्यम से ज्यामितीय आकृतियों और संरचनाओं को समझा। वहीं नेपियर्स बोन्स की सहायता से गुणा और भाग की पारंपरिक विधियों को रोचक तरीके से सीखा।

इसके अलावा “Poking Fun at Math” गतिविधि के जरिए इमेज मल्टीप्लिकेशन की प्रक्रिया को समझाया गया। विद्यार्थियों ने नॉन-राउंड रोलर्स जैसे अभिनव गणितीय मॉडल भी तैयार किए, जिनसे उन्हें आकारों और गणित के व्यावहारिक उपयोगों की जानकारी मिली।

कार्यक्रम के दौरान विज्ञान और गणित को सरल, रोचक और प्रयोगात्मक तरीके से प्रस्तुत करने की पहल को विद्यार्थियों और अभिभावकों ने सराहा।

Exit mobile version