भोपाल। एम्स भोपाल में 39वीं भारतीय बाल चिकित्सा अकादमी (IAP) स्नातक बाल चिकित्सा प्रश्नोत्तरी का संभागीय दौर आयोजित किया गया। एम्स भोपाल ने भारतीय बाल चिकित्सा अकादमी के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में शहर के छह प्रमुख चिकित्सा महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में एम्स भोपाल की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर राज्य स्तरीय दौर के लिए क्वालीफाई किया।
प्रतियोगिता का आयोजन एम्स भोपाल के बाल चिकित्सा विभागाध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) शिखा मलिक के मार्गदर्शन में हुआ। एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) नरेंद्र कोतवाल (सेवानिवृत्त) ने प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय भारतीय बाल चिकित्सा अकादमी कार्यकारिणी मंडल के सदस्य डॉ. राजेश टिक्कास और भोपाल एसोसिएशन ऑफ पीडियाट्रिशियन के अध्यक्ष डॉ. दिपांकर सरकार भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग किया।
छह मेडिकल कॉलेजों ने लिया हिस्सा
संभागीय प्रतियोगिता में गांधी चिकित्सा महाविद्यालय भोपाल, एलएन मेडिकल कॉलेज, पीपुल्स मेडिकल कॉलेज, चिरायु मेडिकल कॉलेज, आरकेडीएफ मेडिकल कॉलेज और एम्स भोपाल की टीमों ने भाग लिया। प्रत्येक टीम में दो स्नातक चिकित्सा विद्यार्थी शामिल थे। सभी टीमों ने बाल चिकित्सा से जुड़े सवालों का उत्साहपूर्वक जवाब दिया और बेहतर प्रदर्शन किया।
एम्स भोपाल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अब विजेता टीम सितंबर 2026 में आयोजित होने वाली मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। राज्य स्तर पर चयनित टीम आगे जोनल और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी।
कई चरणों में होती है IAP क्विज
प्रश्नोत्तरी का समन्वय डॉ. कीर्ति स्वर्णकार ने किया, जबकि डॉ. ऋषभ सोनी ने क्विज मास्टर की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में एम्स भोपाल और अन्य मेडिकल कॉलेजों के बाल चिकित्सा विभाग के रेजिडेंट डॉक्टर, फैकल्टी सदस्य और स्नातक विद्यार्थी मौजूद रहे।
भारतीय बाल चिकित्सा अकादमी की यह प्रतियोगिता कई चरणों में आयोजित होती है। पहले मेडिकल कॉलेज स्तर पर स्थानीय प्रतियोगिता होती है। इसके बाद संभागीय, राज्य और जोनल स्तर पर मुकाबले आयोजित किए जाते हैं। अंतिम राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता IAP के राष्ट्रीय सम्मेलन पेडिकॉन में आयोजित की जाती है।
