बिना अनुमति विकसित हो रहीं 5 अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन का बुलडोजर, 28 करोड़ रुपये की जमीन अतिक्रमण मुक्त

भोपाल। राजधानी भोपाल में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। सोमवार को हुजूर तहसील क्षेत्र के ग्राम सेवनियां ओंकरा और अरेड़ी डोबरा जागीर में बिना अनुमति विकसित की जा रहीं पांच अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर निर्माण हटाने की कार्रवाई की।

प्रशासनिक अमले ने कार्रवाई के दौरान कॉलोनियों की बाउंड्रीवॉल, प्रवेश द्वार, सड़क सहित अन्य निर्माणों को हटाया। इस कार्रवाई में करीब 28 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन पर किए गए अवैध निर्माणों को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

सेवनियां ओंकरा में तीन कॉलोनियों पर कार्रवाई

हुजूर तहसील के ग्राम सेवनियां ओंकरा में विकसित की जा रही तीन अवैध कॉलोनियों स्वास्तिक विहार, प्रतिभा सिटी और निधिवन पर कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार इन कॉलोनियों को बिना आवश्यक अनुमति और स्वीकृति के विकसित किया जा रहा था।

स्वास्तिक विहार

– खसरा नंबर: 211/2/1/3, 211/2/1/2, 211/2/1/1/1
– रकबा: 1.3242 हेक्टेयर
– भूमि स्वामी: सायमा खान पुत्री अब्दुल साजिद खान
– प्लॉट काटने वाले: महेश साहू पुत्र दशरथ साहू एवं सुरेंद्र पवार पुत्र गुलाब सिंह पवार
– अनुमानित बाजार मूल्य: करीब 8 करोड़ रुपये

प्रतिभा सिटी

– खसरा नंबर: 211/3/1/2
– रकबा: 1.619 हेक्टेयर
– भूमि स्वामी: सायमा खान पुत्री अब्दुल साजिद खान
– अनुमानित बाजार मूल्य: करीब 8.5 करोड़ रुपये

निधिवन कॉलोनी

– खसरा नंबर: 190, 191
– रकबा: 0.920 हेक्टेयर
– भूमि स्वामी: रुद्र कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर रोशन सिंह
– अनुमानित बाजार मूल्य: करीब 6 करोड़ रुपये

अरेड़ी डोबरा जागीर में तिरुपति धाम और गायत्री धाम पर कार्रवाई

प्रशासन ने ग्राम डोबरा जागीर क्षेत्र में विकसित हो रही दो अवैध कॉलोनियों तिरुपति धाम और गायत्री धाम के निर्माण भी हटाए।

तिरुपति धाम

– खसरा नंबर: 133/1
– रकबा: 0.8090 हेक्टेयर
– भूमि स्वामी: राहुल ठाकुर एवं रघुवीर सिंह
– प्लॉट काटने वाले: राहुल ठाकुर एवं रघुवीर सिंह
– अनुमानित बाजार मूल्य: करीब 3 करोड़ रुपये

गायत्री धाम

– खसरा नंबर: 110/1
– रकबा: 0.4790 हेक्टेयर
– भूमि स्वामी: रेखा पत्नी शेर सिंह और लक्की रावत पुत्र शेर सिंह
– प्लॉट काटने वाले: हृदेश शर्मा एवं राजेश शर्मा, विलास तायडे एवं हिम्मतराव तायडे
– अनुमानित बाजार मूल्य: करीब 2 करोड़ रुपये

पहले भी हो चुकी है बड़ी कार्रवाई

हुजूर तहसील क्षेत्र में प्रशासन इससे पहले भी अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुका है। शनिवार को कोलूखेड़ी क्षेत्र में रिद्धि-सिद्धि और सपना कॉलोनी सहित अन्य अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई करते हुए करीब 50 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था।

प्रशासन ने हुजूर और बैरसिया सहित जिले में कुल 113 अवैध कॉलोनियों को चिन्हित किया है। अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में भी अवैध कॉलोनियों और बिना अनुमति किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रशासन का सख्त संदेश

हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया ने कहा कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी छोड़ा नहीं जाएगा।

Exit mobile version