भोपाल, 11 अगस्त 2026। नगर निगम भोपाल ने संपत्तिकर समेत विभिन्न करों और शुल्कों की वसूली को लेकर बकायादारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखी है। निगम अमले ने मंगलवार को वार्ड क्रमांक 70 में संपत्तिकर के दो बकायादारों की संपत्तियां कुर्क कीं। कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर की गई।
नगर निगम द्वारा संपत्तिकर, जल उपभोक्ता प्रभार, लीज रेंट समेत अन्य मदों की बकाया राशि वसूलने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही लीज नवीनीकरण नहीं कराने और किराये की राशि जमा नहीं करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
43 हजार से ज्यादा बकाया पर कुर्की
जोन क्रमांक 11 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 70 में भवन क्रमांक बी-15 की भवन स्वामी नाजमा सुल्तान पर 43,542 रुपये संपत्तिकर बकाया था। राशि का भुगतान नहीं करने पर निगम अमले ने कुर्की की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान बकायादार ने 17,735 रुपये निगम कोष में जमा किए।
38 हजार रुपये का संपत्तिकर बकाया
इसी वार्ड की नवाब कॉलोनी स्थित भवन क्रमांक 16 की भवन स्वामी शफी उन निसा पर 38,515 रुपये संपत्तिकर बकाया था। निर्धारित राशि का भुगतान नहीं करने पर निगम ने संबंधित संपत्ति कुर्क कर ली।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि बकाया करों और शुल्कों का भुगतान नहीं करने वाले संपत्ति मालिकों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। निगम का राजस्व अमला बकायादारों से समय पर राशि जमा कराने के लिए लगातार अभियान चला रहा है।
