मेंडोरी और बेरखेड़ी बाज्याफत में प्रशासन का बुलडोजर, अवैध कॉलोनियों के निर्माण ध्वस्त

बिना अनुमति और टीएनसीपी स्वीकृति के हो रही थी प्लॉटिंग, 24 अवैध कॉलोनियों पर हो चुकी कार्रवाई

भोपाल, 26 जून। राजधानी भोपाल में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार को हुजूर तहसील क्षेत्र के ग्राम मेंडोरी और बेरखेड़ी बाज्याफत में प्रशासनिक अमले ने बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों के निर्माणों को जमींदोज कर दिया।

यह कार्रवाई कलेक्टर के निर्देश और एडीएम सुमित पांडे की निगरानी में हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया के नेतृत्व में की गई। हुजूर तहसील क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ यह लगातार छठवीं बड़ी कार्रवाई बताई गई है।

प्रशासन के अनुसार, मेंडोरी और बेरखेड़ी बाज्याफत में कुछ कॉलोनाइजर निजी भूमि पर बिना आवश्यक अनुमति और बिना नगर एवं ग्राम निवेश (टीएनसीपी) की स्वीकृति के प्लॉटिंग और भवन निर्माण कर रहे थे। नियमानुसार कॉलोनी विकास के लिए संबंधित विभागों से अनुमति लेना अनिवार्य होता है। अनुमति के अभाव में किए गए निर्माणों को अवैध मानते हुए प्रशासन ने कार्रवाई की।

मेंडोरी से शुरू हुई कार्रवाई, सड़क और बाउंड्रीवॉल हटाई गई

नगर निगम के अतिक्रमण अमले ने कार्रवाई की शुरुआत ग्राम मेंडोरी से की। यहां केरवा डैम क्षेत्र से लगी करीब 1.590 हेक्टेयर भूमि पर कॉलोनी विकसित करने का कार्य किया जा रहा था। यह भूमि मुनतियाज अली आत्मज इश्तियाक अली के नाम दर्ज बताई गई है, जिस पर राजीव द्विवेदी द्वारा कॉलोनी निर्माण किया जा रहा था।

प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कॉलोनी की बाउंड्रीवॉल, गेट, सड़क सहित अन्य निर्माणों को बुलडोजर की मदद से हटाया।

इसके बाद टीम ने बेरखेड़ी बाज्याफत में कार्रवाई की। यहां करीब 1.570 हेक्टेयर भूमि, जो शाहवाज खान पुत्र एमए खान के नाम दर्ज है, पर विकसित की जा रही कॉलोनी के निर्माणों को भी हटाया गया।

बिना अनुमति कॉलोनी काटने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई

हुजूर नायब तहसीलदार अतुल शर्मा ने बताया कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अब तक हुजूर तहसील क्षेत्र में 24 अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन लगातार ऐसे स्थानों को चिन्हित कर कार्रवाई कर रहा है।

लोगों की जीवनभर की कमाई को बचाने के लिए अभियान

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि बिना अनुमतियों के विकसित की जा रही कॉलोनियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कई बार अवैध कॉलोनियां विकसित करने के बाद विज्ञापन देकर लोगों को प्लॉट बेच दिए जाते हैं, जिससे आम नागरिकों की जीवनभर की जमा पूंजी जोखिम में पड़ जाती है।

उन्होंने कहा कि बाद में इन क्षेत्रों में सड़क, पानी, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्या सामने आती है। ऐसे मामलों में लोगों के साथ धोखाधड़ी की स्थिति बनती है। इसलिए अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Exit mobile version